पटना डीआईजी की चेकिंग में बड़े खुलासे के बाद नया प्लान

अधिकारियों तक जाएगी प्रतिदिन की गणना रिपोर्ट

PATNA : डयूटी के नाम पर मलाई काट रहे पुलिस कर्मियों के दिन अब लद गए हैं। सुविधा शुल्क देकर पुलिस लाइंस और अन्य बड़ी जिमेदारियों से गायब रहना अब भारी पड़ेगा। डीआईजी पटना राजेश कुमार ने मनमानी करने वाले पुलिस कर्मियों और पदाधिकारियों पर शिकंजा कसने की तैयारी की है। पटना पुलिस लाइंस से बड़े खुलासे के बाद वह पुलिसिंग को मजबूत करने में जुट गए हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो ऐसे पुलिस कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है जो पुलिस अफसरों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। पुलिस विभाग में काफी दिनों से डयूटी से गायब रहने का खेल चल रहा है। पटना के डीआईजी सेंट्रल राजेश कुमार को इसकी भनक लगी और उन्होंने खुद जांच पड़ताल की तो 200 जवान गायब मिले। पटना पुलिस के लिए यह बड़ा मामला था। एक तरफ जहां संख्या बल का रोना रोया जा रहा है, वहीं, दूसरी तरफ पुलिस विभाग में जिम्मेदारी की मनमानी के कारण जवान चांदी काट रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इसके लिए बाकायदा जिम्मेदारों को लाभ पहुंचाया जाता है। क्योंकि जवानों के लिए गणना की व्यवस्था की गई है। जिमेदारों को सुबह शाम गणना कर इसकी रिपोर्ट बनानी होती है। लेकिन इसमें बड़े पैमाने पर खेल किया जाता है। डीआईजी की जांच में हुए खुलासे के बाद अब शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।

अब अफसरों को प्रतिदिन देनी होगी जानकारी

डीआईजी राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस कर्मियों की मनमानी नहीं चल पाएगी। अब ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है जिसमें डयूटी से गायब रहने वाले पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया जाएगा। इसके लिए अब नई व्यवस्था बनाई गई है जिसमें पुलिस कर्मियों की पूरी रिपोर्ट अफसरों को दी जाएगी। बीच में गणना में हेर फेर करने वाले के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी ने कहा है कि इस मामले में पुलिस को कड़ा निर्देश दिया गया है। अब कोई भी पुलिस कर्मी मनमानी करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ऐसे कसा जाएगा लापरवाह पुलिस कर्मियों पर शिकंजा

अब पुलिस कर्मियों को हर हाल में डयूटी स्थल पर रहना होगा।

बिना अफसरों की अनुमति के कोई भी पुलिस कर्मी डयूटी स्थल नहीं छोड़ेगा।

किसी पुलिस कर्मी को छुट्टी पर जाने के लिए पहले अफसर से अनुमति लेनी होगी।

अगर बिना अनुमति के पुलिस कर्मी या पदाधिकारी गायब मिले तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

डयूटी से गायब मिलने पर सस्पेंड करने तक की कार्रवाई होगी, इसके लिए गणना भी आवश्यक है।

अब अफसरों को पुलिस कर्मियों की पूरी डिटेल देनी होगी और लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी।

डीआईजी पटना सेंट्रल राजेश कुमार खुद पुलिस कर्मियों पर नजर रखेंगे और कार्रवाई के लिए व्यवस्था बनाएंगे।

पुलिस की मनमानी अब नहीं चल पाएगी। इसके लिए व्यवस्था बनाई गई है। अब कोई भी पुलिस का जवान या पदाधिकारी मनमानी करते पाया गया तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए समय-समय परा जांच पड़ताल भी होगी।

राजेश कुमार, डीआईजी

पटना सेंट्रल