पटना (ब्यूरो)। राजधानी समेत प्रदेश में अचानक हुए मौसम में बदलाव से तेज बारिश हो रही है। इसी बीच राजधानी पटना के मनेर में मंगलवार को ठनका गिरने से 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि 15 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मनेर थाना क्षेत्र के रतन टोला गंगा घाट की है। मृतक की पहचान रतन टोला निवासी शारदानंद राय के रूप में हुई है।

पैक्स अध्यक्ष की मां का था दशकर्म
मनेर के पैक्स अध्यक्ष विधानचंद की मां का दशकर्म था। जिसमें परिवार और रतन टोला गांव के कई लोग गंगाघाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बाद अचानक ठनका गिर गया। जिसमें मृतक महिला के देवर बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गयी। साथ ही करीब 15 लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी घायलों की हालत बेहतर बतायी जा रही है

क्या कहते हैं थानाअध्यक्ष
मनेर थानाअध्यक्ष, राजीव रंजन ने बताया कि रतन टोला गांव के गंगा किनारे दशकर्म में शामिल हुए लोगों के ऊपर ठनका गिरने की सूचना मिली थी। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई लोग जख्मी हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है