17 और 18 मार्च को होगा सेलेक्शन ट्रायल

PATNA: अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी टैलेंट हंट अभियान के अंतर्गत पाटलिपुत्र स्पो‌र्ट्स कॉप्लेक्स के इंडोर हॉल में आगामी 17 और 18 मार्च को सेलेक्शन ट्रायल होगा। यह जानकारी अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव सह बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय ने दी। उन्होंने कहा कि इस टैलेंट हंट प्रोग्राम में भाग लेने वाले खिलाडि़यों का कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया से रजिस्टर्ड होना जरूरी है। इस सेलेक्शन में देश के किसी भी कोने के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं पर उन्हें अपने राज्य संघ के सचिव से अनुशंसा अनिवार्य है। बिहार के खिलाड़ी को अपने जिला सचिव से अनुशंसा करवानी होगी।

22 वर्ष पूरी होनी चाहिए उम्र

बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय ने कहा कि इस टैलेंट हंट अभियान में एक फरवरी 2018 को न्यूनतम 18 व 31 दिसंबर 2018 को अधिकतम 22 वर्ष पूरा करने वाले खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि चयनित खिलाडि़यों में से प्रो कबड्डी लीग की प्रत्येक टीम गत वर्ष की तरह दो-दो खिलाड़ी को शामिल करेगी। सेलेक्शन ट्रायल में खिलाडि़यों के चयन के लिए अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया और प्रो कबड्डी लीग की टीम आ रही है। इस मौके पर तकनीकी पदाधिकारियों का भी चयन किया जायेगा।