PATNA CITY : उसकी उम्र पढ़ने-लिखने की है लेकिन कब प्यार कर बैठा उसे पता ही नहीं चला। नतीजा वही हुआ जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। पहले तो लड़की के परिजनों ने समझाया। डराया भी। लेकिन वह नहीं माना। हद तो तब हो गई जब लड़की ने समझाया तो उसकी ही आपत्तिजनक तस्वीर वायरल कर दिया। आखिरकार, उसे अगवा कर पटना के अगमकुआं इलाके में छोड़ दिया। बुधवार की रात अगमकुआं पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेते हुए उसके घरवालों को बुलाया और उनके हवाले कर दिया।

क्या है मामला

मिली जानकारी के मुताबिक गढ़वा जिला का निवासी राहुल रांची में रह कर कांपटीशन की तैयारी कर रहा था। वह गांव के ही किसी लड़की से प्यार करता था, जिससे लड़की के घरवाले नाराज थे। बात जब बढ़ी तो दोनों परिवार के बीच पंचायती भी हुई। तब राहुल को कहा गया कि वह लड़की से कोई संबंध नहीं रखेगा। इसके बाद भी वह युवती को छोड़ने को तैयार नहीं था।

मिल गई थी भनक

आखिरकार जब मामला शांत नहीं हुआ तो 8 मई को राहुल को रांची से अगवा कर लिया गया। जैसे ही इस बात की खबर राहुल के पिता प्रदीप कुमार उपाध्याय को मिली तो उन्होंने रांची पहुंचकर सुखदेवनगर थाना के बांद्रा ओपी में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए छानबीन शुरू कर दी। इस बात की भनक मिलते ही किडनैपरों ने राहुल को बुधवार की रात धनुकी के पास कार से धक्का दे उतार भाग निकले।

पटना पुलिस को मिला युवक

इधर, राहुल पटना पहुंच चुका था। अगमकुआं थाना के एसएचओ कामाख्या नारायण सिंह को उसने बताया कि चार लोगों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया और लगातार इधर-उधर घूमाते रहे। इस दौरान उसे टॉर्चर भी किया गया। फिर बुधवार की रात 8-9 बजे उसे धनुकी के पास उतार दिया। इसके बाद पुलिस ने रांची के सुखदेवनगर थाना और उसके परिजन को सूचित किया। वहां से एसआई राधेश्याम के अलावा राहुल के पिता और भाई पहुंचे और उसे लेकर रांची लौट गए।