PATNA : दशमेश गुरु श्री गुरु गो¨वद सिंह के 353वें प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। तख्त श्री हरि मंदिर जी पटना साहिब सहित सभी गुरुद्वारा को रंग-बिरंगी लाइट से सजाया गया है। देश-विदेश से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को सात लडि़यों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ हुआ। 29 दिसंबर को 16 लडि़यों के बाद 26 लडि़यों में अखंड पाठ रखा जाएगा। उधर, सिख पंथ के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाशपर्व के शुभारंभ समारोह में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को पटना साहिब से 40 बसों से श्रद्धालुओं को रवाना किया गया। शनिवार को राजगीर बस स्टैंड स्थित सर्वोदय स्कूल से नगर कीर्तन निकलेगा।

कुहासे के बीच निकली प्रभातफेरी

शुक्रवार की अहले सुबह कड़ाके की ठंड और कुहासे के बीच तख्त श्री हरि मंदिर जी पटना साहिब से प्रभातफेरी निकली। दशमेश गुरु श्री गुरु गो¨वद सिंह के 353 वें प्रकाशोत्सव समारोह के मौके पर सातवें दिन निकली प्रभातफेरी अशोक राजपथ के रास्ते झाऊगंज, चमडोरिया, हाजीगंज, लक्की बिस्कुट रोड, छोटी पटनदेवी, हरिमंदिर गली होते हुए तख्त साहित लौटी। इसमें पंजाब, हरियाणा व देश के अन्य हिस्सों से आए महिला-पुरुष सिख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

प्रभात फेरी निकाले जाने से पहले जत्थेदार ज्ञानी रंजीत सिंह गौहर-ए-मस्कीन ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में अरदास किया। भजन-कीर्तन- प्रवचन के बाद पंज-प्यारों तथा संगतों ने पंगत में बैठकर लंगर छके। प्रभातफेरी में आगे-आगे पंच प्यारे चल रहे थे। पंज-प्यारे के पीछे सिख श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। मार्ग धार्मिक भजनों से गुंजायमान हो रहा था। प्रभातफेरी का समापन 31 दिसंबर को बड़ी प्रभातफेरी से होगा।