- कोईलवर में सोन नदी पर बने थ्री लेन नए पुल का केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया उद्घाटन

- पटना से दूसरे जिले में जाने वाले लोगों को जाम मिलेगी राहत

PATNA: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कोईलवर में सोन नदी पर बने थ्री लेन पुल का उद्घाटन किया। इस पुल के चालू होने से पटना से आरा, रोहतास, सारण, यूपी सहित अन्य जगहों पर जाने वालों को राहत मिलेगी। वर्तमान में सोन नदी पर बने पुराने पुल पर हर दिन लोगों को जाम से घंटों जूझना पड़ता था। जाम की स्थिति यह होती थी कि पटना आने-जाने वालों वाहनों को लंबी लाइन लगानी पड़ती थी। इस पुल के चालू होने से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है। नए पुल में 37 पिलर बनाए गए हैं। इसमें नई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है ताकि पुल लंबे समय तक चले। वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुए उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री वीके सिंह, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और सांसद रामकृपाल यादव भी मौजूद थे।

दक्षिण और मध्य बिहार की राह आसान

इस पुल के चालू होने से पटना से दक्षिण और मध्य बिहार जाने वालों लोगों की राह आसान हुई है। अभी पटना से छपरा, गोपालगंज, सिवान जाने के लिए गांधी सेतु होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। इसके अलावा गांधी सेतु पर जाम का सामना करना पड़ता था। अब इन जिलों में जाने के लिए लोगों को आसानी होगी।

पटना में बनेंगे कई पुल

केंद्रीय मंत्री ने पुल के उद्घाटन समारोह के मौके पर पटना की कई सड़क परियोजनाओं के काम आरंभ होने की तारीख भी बताई। उन्होंने कहा कि शेरपुर से दिघवारा के बीच गंगा नदी पर तीन हजार करोड़ रुपए की लागत से पुल का निर्माण अगले वर्ष अप्रैल से आरंभ होगा। यह पटना रिंग रोड पैकेज-2 का हिस्सा होगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि औरंगाबाद-पटना-मुजफ्फरपुर-दरभंगा के बीच 7700 करोड़ रुपए की लागत से नई फोर लेन सड़क का डीपीआर बनाया जा रहा। गंगा नदी पर गांधी सेतु के समानांतर पुल का काम मार्च 2024 में पूरा हो जाएगा।

नए पुल से यह होगा फायदा

- लोगों को जाम से मिलेगी मुक्ति।

- कई जिलों के बीच की दूरी होगी कम।

- समय के साथ डीजल-पेट्रोल की होगी बचत।

- माल के आवागमन में नहीं आएगी बाधा।

- शादी के सीजन मे बारात वाली गाड़ी नहीं फंसेगी।

- पटना से दक्षिण और मध्य बिहार जाने के लिए मिला नया रास्ता।

- ऑफिस में देर होने का नहीं सताएगा डर।

-बालू, गिट्टी आदि की ढुलाई में सुविधा होगी।

एक नजर में पुल

-266 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण।

-1.52 किलोमीटर पुल की लंबाई।

- 37 पिलर पर टिका है नया पुल।

-16 मीटर चौड़े तीन लेन का अपस्ट्रीम हिस्सा बनकर है तैयार।

- 2021 तक डाउनस्ट्रीम लेन का निर्माण पूरा करने का रखा गया है लक्ष्य।

- 1.5 मीटर की फुटपाथ की व्यवस्था की गई है।