- प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ी

- लाठी चार्ज में दर्जन भर घायल

- पथराव में आधा दर्जन जवान चोटिल

PATNA(24 Jan): जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर जन अधिकार पार्टी (लो) ने मंगलवार को गरीब अधिकार मार्च निकाला। बेईमानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के साथ केन्द्र और राज्य सरकार के विरुद्ध नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं का जत्था गांधी मैदान स्थित सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा स्थल से आगे बढ़ा। लेकिन जेपी गोलबंर से आगे बढ़ने की इजाजत नहीं मिली।

इससे आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस पर पथराव करने लगे। इस पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। लेकिन यह बेअसर हो गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। करीब एक दर्जन प्रदर्शनकारियों के साथ आधा दर्जन पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। सांसद पप्पू यादव ने लाठी चार्ज की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी बेनामी संपत्ति के खिलाफ आर- पार की लड़ाई लड़ेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अखलाक अहमद, प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुपति प्रसाद सिंह, राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद सिंह, राजेश रंजन पप्पू, श्याम सुंदर आदि प्रदर्शन में शामिल थे।