PATNA : पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से बुधवार को पटना का मौसम खुशनुमा रहा। मंगलवार की तुलना में बुधवार को औसत तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार हिमालय क्षेत्र में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पटना का मौसम बदला है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी।

पहाड़ों पर बर्फबारी से मिली राहत

हिमालय क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश के तापमान में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री से गिरकर 14.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान मंगलवार की तुलना में तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री और अधिकतम 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

भागलपुर सर्वाधिक गर्म

भागलपुर का अधिकतम तापमान 36 से गिरकर 34 डिग्री और न्यूनतम गिरकर 16.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया के तापमान में भी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान मंगलवार की तुलना में दो डिग्री गिरकर 30.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

13 मार्च तक शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 13 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। 9 मार्च से तापमान में वृद्धि का संकेत मिला है। औरंगाबाद, गया, पटना, नालंदा, भागलपुर, मुजफ्फरपुर सहित आसपास के जिले में 13 मार्च तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।