-पटनाइट्स बोले, अब तो महंगाई रोको सरकार

PATNA: पटना में पेट्रोल आमलोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। पेट्रोल की बढ़ती कीमत जेब पर भारी पड़ रही है। पटना में पेट्रोल की कीमत 100 रुपए को पार कर गया है। सैटरडे को पेट्रोल 100.21 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था। इसके अलावा डीजल की कीमत में भी वृद्धि हुई। डीजल 94.07 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। पेट्रोल और डीजल के लगातार महंगा होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इससे महंगाई बढ़ रही है। बाजार में सामान की कीमत भी आसमान छू रही है। लोगों का कहना है कि अब सरकार को चाहिए कि महंगाई पर रोक लगाए। घर चलाना मुश्किल हो रहा है।

26 दिन में 14 बार बदला दाम

यदि जून में पेट्रोल और डीजल की कीमत में वृद्धि की बात करें तो पिछले 26 दिनों में 14 बार कीमतें बढ़ी हैं। पटना में हर दूसरे दिन पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े। लोगों का कहना है कि सरकार को चाहिए कि एक बार में ही बढ़ोतरी कर कीमत तय कर दे। अब पेट्रोल की कीमत भी पेट्रोल पंप पर पूछना बंद कर दिया है।

6 माह में 13.89 रुपए महंगा

इस वर्ष एक जनवरी से 26 जून तक पेट्रोल और डीजल की कीमत में खूब वृद्धि दर्ज की गई है। इस दौरान पेट्रोल 13.89 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ। जबकि डीजल में 15 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। लोगों का आरोप है कि सरकार अपना टैक्स कम नहीं कर रही है। सारा भार जनता पर डाल रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रोज सुबह 6 बजे बदलाव होता है। पेट्रोल-डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन व दूसरी चीजें जोड़ने पर दाम करीब दोगुना हो जाता है।

50 परेंसट बढ़ा बजट

राजीव नगर के उपेंद्र सिंह ने बताया कि राशन का बजट 50 परसेंट बढ़ गया है। पहले राशन पर दो हजार रुपए खर्च होते थे। पिछले दो-तीन महीने से 3 हजार रुपए से ज्यादा खर्च हो रहे हैं। महंगाई का सीधा असर किचन पर पड़ रहा है। कई सामान बजट से बाहर हो रहा है।