-पतंग उत्सव, मानव श्रृंखला के लिए पुलिस ने बनाई रणनीति

क्कन्ञ्जहृन्: आने वाले दिनों में गांधी मैदान की सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। इसको लेकर पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। कहीं कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए सभी अधिकारी दिन रात एक किए हुए हैं। दरअसल, आने वाले दिनों में शहर के गांधी मैदान में एक पर एक कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। सबसे पहले 14 जनवरी को पतंग उत्सव होना हैं, फिर 21 जनवरी को दहेज और बाल विवाह कुप्रथा उन्मूलन के खिलाफ मानव श्रृंखला को लेकर कार्यक्रम होना है। फिर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के सामने सुरक्षा को लेकर कड़ी चुनौती है। तीनों ही आयोजन बड़े हैं और इसमें आमलोगों की भागीदारी बड़ी संख्या में होनी है। ऐसी स्थिति में कोई घटना घट गई तो बड़ी संख्या में जानमाल का नुकसान होगा। इन आयोजनों को लेकर बुधवार को डिवीजनल कमिश्नर, डीएम और एसएसपी के अलावा अन्य पदाधिकारियों ने मंथन किया।

गांधी मैदान का निरीक्षण

बुधवार को पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने गांधी मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डिवीजनल कमिश्नर आनंद किशोर, डीएम कुमार रवि, एसएसपी मनु महाराज, ट्रैफिक एसपी पीके दास, सिटी एसपी डी अमरकेश, एडीएम लॉ एंड आर्डर आशुतोष कुमार वर्मा, आयुक्त के सचिव कृत्यानंद झा आदि थे।

पानी की रहेगी व्यवस्था

आयुक्त ने सचिव को कहा कि मुख्य पंडाल के पीछे पदाधिकारियों के लिए पंडाल की व्यवस्था की जाएगी। डी एरिया के 30 फीट पर डबल बैरिकेडिंग एवं 50 फीट में अतिरिक्त बैरिकेडिंग करने का काम भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता को दिया गया। मंच के सामने दिल्ली के पतंगबाज और दूसरी ओर पब्लिक पतंग उड़ाएगी। वाहनों की पार्किंग मैदान के गेट नं। 10 एवं 7 से होगी। पदाधिकारियों का प्रवेश गेट नं.-1 से होगा। मीडिया का वाहन और ओवी वैन का प्रवेश गेट नं.-12 से होगा। गीत, संगीत और नृत्य सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक होगा। गांधी मैदान में बनेगा टीओपी। इसके लिए सिटी एसपी को कहा गया। गेट नंबर 1 पर दो, उत्तरी-दक्षिणी गेट पर एक-एक वाटर एटीएम की व्यवस्था होगी।

बनेगा बिहार का नक्शा

मानव श्रृंखला में बिहार का नक्शा और बीच में स्लोगन होगा। यहां से चार लेन निकलेगा, जो दानापुर, अशोक राजपथ, फ्रेजर रोड और एक्जीबिशन रोड की ओर जाएगा। गांधी मैदान में आम लोगों का प्रवेश 16 से 26 तक और मॉर्निग वॉकर का 24 से 26 प्रवेश बाधित रहेगा।

जिला में 580 किमी लंबी बनेगी मानव श्रृंखला

जिला में मानव श्रृंखला गांधी मैदान से शुरू होगा । जिला में 15 लाख 10 हजार लोग 21 जनवरी को दहेज और बाल विवाह कुप्रथा के खिलाफ मानव श्रृंखला बनाएंगे, जो 580 किमी लंबाई तक जाएगी। डीएम कुमार रवि ने कहा कि मुख्य मार्ग राजेंद्र पुल मोकामा होते कोईलवर तक 166 किमी लंबी मानव श्रृंखला लगेगी। सब-रूट विभिन्न प्रखंडों से निकल कर अन्य जिलों की सीमा तक जाएगी, जिसकी लंबाई 248.5 किमी होगी।