KHAGARIYA/MADHEPURA/PATNA : खगडि़या जिले के पसराहा थाने के थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित कुख्यात दिनेश मुनि अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। मंगलवार को उसके घर की कुर्की-जब्ती की गई। पुलिस ने गोगरी थाना क्षेत्र से एक चिकित्सक को हिरासत में लिया है। चिकित्सक ने घायल दिनेश मुनि का इलाज किया था।

एसपी मीनू कुमारी के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी अमरकांत झा के नेतृत्व में सुबह पसराहा समेत कई थानों की पुलिस परबत्ता प्रखंड के कोलवारा पंचायत स्थित तेहाय गांव पहुंची और भगोड़े कुख्यात के घर की कुर्की जब्ती की। हालांकि उस समय उसके घर पर उसका कोई परिजन मौजूद नहीं था। घटना के बाद से ही दिनेश मुनि के सभी परिजन फरार हो गए हैं।

चलाया गया कॉम्बिंग ऑपरेशन

दिनेश मुनि और उसके गिरोह के शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए मंगलवार को भी पुलिस द्वारा जिले की विभिन्न जगहों पर कॉ¨म्बग ऑपरेशन चलाया गया। गोगरी थाना क्षेत्र से एक चिकित्सक को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार उस चिकित्सक ने गोली लगने बाद दिनेश मुनि का इलाज किया था। उनसे इलाज कराने के बाद वह पूर्णिया भाग गया था।

बहन भी हिरासत में

दीनाचकला से दिनेश मुनि की बहन को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद दिनेश मुनि बहन के घर पहुंचा था। उसने उसे एक हजार रुपये और एक ¨जस पेंट दिये थे। उधर, कुख्यात दिनेश मुनि के पूर्णिया भागने की खबर को देखते पुलिस द्वारा मंगलवार को वहां भी छापेमारी की गई है। लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया। कयास लगाया जा रहा है कि वह वहां से फरार हो चुका है।

क्या था मामला

बीते शुक्रवार की रात्रि दुधैला-मोजमा दियारे में दिनेश मुनि गिरोह से लोहा लेते हुए पसराहा थाने के थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह शहीद हो गए थे। उस मुठभेड़ में एक सिपाही दुर्गेश कुमार घायल हो गए थे।