modassir.khan@inext.co.in

PATNA: मोकामा के नाजरेथ अस्पताल द्वारा संचालित बालिका सुधार गृह से भागी 7 लड़कियों में 6 तो बरामद हो गई हैं लेकिन एक लड़की अब तक नहीं मिली है। यही लड़की मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की मुख्य गवाह बताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टी अभी नहीं हुई है। घटना के बाद ये पूरा मामला पुलिस के लिए एक पहेली बन गई है। वहीं घटना के दूसरे दिन पटना के डीएम कुमार रवि और जोनल आईजी सुनील कुमार रविवार को मोकामा पहुंचे और घटना के बारे में जायजा लिया। एक घंटे तक वो मौके पर रहें और हर एंगल पर बारीकी से पड़ताल की। जिलाधिकारी ने बताया कि शेल्टर होम में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। क्लोज सर्किट कैमरे पर्याप्त संख्या में लगाए जा रहे हैं।

 

हाथीदह में पकड़ी थी ट्रेन

फरार लड़कियों ने मोकामा से हाथीदह जाकर दरभंगा के लिए ट्रेन पकड़ी थी। दरभंगा से इनलोगों ने एक ऑटो रिजर्व कर लिया था जिससे सभी एक लड़की के घर जा रही थीं पर घर पहुंचने के पहले ही पुलिस की नजर इन पर पड़ गई। शेल्टर होम से फरार लड़कियों के मिलने के बाद उन्हें चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की देखरेख में रखा गया है।

 

शेल्टर होम की हर कहानी पर सवाल

कहानी : दावा है कि लड़कियां अपने कमरे से निकलकर बाथरूम के पास गई हैं। वहां पर ताले की कुंडी को काट दिया।

सवाल : कुंडी काटने के लिए लड़कियों को औजार की जरूरत पड़ेगी। क्या शेल्टर होम द्वारा औजार उपल?ध कराया गया था अगर नहीं तो औजार कहां है ?

 

कहानी : आंगन में आने के बाद लड़कियां छत पर कपड़े की रस्सी बनाकर चढ़ी हैं और दूसरे साइड उतर गईं।

सवाल : जिस छत पर लड़कियां चादर के सहारे चढ़ी हैं उसकी उंचाई 12 फीट है। बड़ा सवाल ये है कि लड़कियां क्या पहले कपड़ा बांध दी थी। ऐसा हुआ था तो वार्डन ने ध्यान क्यों नहीं दिया?

 

कहानी : लड़कियां एक कपड़े से छत पर चढ़ती हैं और दूसरे कपड़े से छत से उतर जाती हैं।

सवाल : जब चढ़ रही हैं तो एक कपड़े का इस्तेमाल कर रही हैं। उतरते समय दूसरे कपड़े का इस्तेमाल कर रही हैं। चढ़ने व उतरने के लिए अलग-अलग कपड़े का उपयोग कोई क्यों करेगा?

 

कहानी : लड़कियां छत से उतरने के बाद करीब 14 फीट उंचाई से कूदकर कैंपस से भाग गई।

सवाल : शेल्टर होम की दीवार 14 फीट ऊंची है। कंटीले तार से उसे घेरा गया है। ऐसे में कोई लड़की 14 फीट उंचाई पर चढ़ेगी और उस तार में बिना फंसे कैसे बाहर निकल पाएगी?