सफाई के बाद नाला के किनारे कचरा रखने से स्लिप हुई गाड़ी

PATNA : नगर निगम की मनमानी ने एक सिपाही की जान ले ली है। नाला सफाई की सफाई में सड़क पर कचरा रखने से हुई इस दर्दनाक घटना में एक परिवार उजड़ गया है। बच्चों के सिर से बाप का साया उठ गया और परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया है। पुलिस विभाग ने भी एक जांबाज जवान खो दिया है। शनिवार देर रात हुई इस घटना से नगर निगम की मनमानी पर लोगों में भारी आक्रोश है।

मनमानी ने ऐसे ले ली जान

कांस्टेबल निरंजन कुमार और प्रेमचंद रविदास पटना पुलिस के क्विक रिस्पांस टीम में तैनात थे। डयूटी के लिए दोनों सिपाही एक बाइक से निकले थे। दोनों सिपाही देर रात चितकोहरा से अनीसाबाद की तरफ एक ही बाइक से जा रहे थे। इस जगह नाला सफाई कर नगर निगम के ठेकेदारों ने पानी से भरा कूड़ा सड़क पर ही छोड़ दिया था। बाइक चला रहे पुलिस के जवान को यह पता नहीं था कि रास्ते में नगर निगम की मनमानी से उनकी बाइक स्लिप कर जाएगी।

कचरे से स्लिप हो गई बाइक

बाइक से जा रहे सिपाही जैसे ही सड़क पर रखे गए कचरे के पास पहुंचे उनकी बाइक स्लिप कर गई। दोनो सिपाही बीच सड़क पर गिर गए। तभी तेज रफ्तार में पीछे से आ रही स्कार्पियों ने सिपाही निरंजन को रौंद दिया। एक सिपाही घायल हो गया। निरंजन की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सिपाही प्रेमचंद रविदास का इलाज पारस हॉस्पिटल में चल रहा है।