PATNA : होली का पर्व आते ही राजधानी के बस स्टैंड पर यात्रियों को बसों में बैठाया नहीं भरा जा रहा है। जितनी सवारियां बस के अंदर नहीं उससे ज्यादा सवारियां को बसों की छत पर बैठाया जा रहा है। आलम यह है कि 55 सीटर बस में 140 से 150 सवारी भरी जा रही है। त्योहार के समय बसों में ज्यादा सवारी बैठाने की शिकायत दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के पास पिछले कई दिनों से आ रही थी। हकीकत जानने के लिए गांधी मैदान बस स्टैंड और मीठापुर बस स्टैंड का मुआयना किया तो सामने आया सच पढि़ए लाइव रिपोर्ट

गांधी मैदान सरकारी बस स्टैंड

सच जानने के लिए दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम सबसे पहले गांधी मैदान स्थित बिहार राज्य ट्रांसपोर्ट के बस स्टैंड पहुंची वहां 40 सीट वाली बस में 100 से ज्यादा लोगों को बैठाया गया था। बसों की छत पर 60 से ज्यादा सवारी बैठाकर लंबी दूरी तय की जा रही है। बस कंडक्टर अकबर ने बताया कि होली की वजह से यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। उसने बताया कि किसी को मना नहीं कर सकते हैं। यात्री मना करने पर भी नहीं मानते हैं। वे अपने जान के साथ खुद खिलवाड़ कर रहे हैं तो हम लोग क्या कर सकते है?

मीठापुर सरकारी बस स्टैंड

इसके बाद हमारी टीम मीठापुर स्थित सरकारी बस स्टैंड पहुंची। वहां का नजारा चौंकाने वाला था। 55 सीट वाली सरकारी बसों में 140 से 150 लोग बैठे थे। जगह के अभाव में ज्यादातर यात्री बस की छत पर यात्रा करने को मजबूर हैं। रिपोर्टर ने टिकट काउंटर पर मौजूद कर्मचारी विनोद से सवाल किया तो कर्मचारी ने कहा कि किसी भी यात्री को सफर करने के लिए हम निमंत्रण नहीं देते हैं। वे अपने मन से आते हैं। त्योहार में जगह का अभाव रहता है। जिसको जहां जगह मिलता है वहीं बैठ जाता है।