PATNA: रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के इंडियन गैस गोदाम के पास सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे स्कूल से घर लौट रहे 5 वर्षीय संजना पिता मनोज मंडल और भाई 8 वर्षीय भाई शिवम को तेज रफ्तार में चल रही आरपीएस पब्लिक स्कूल की बस ने रौंद दिया। इसमें बहन की मौके पर मौत हो गई। वहीं भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद चालक अपनी बस लेकर भागने लगा। इसके बाद लोगों ने दौड़ कर बस को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई की। इसके बाद बस का शीशा तोड़ दिए। इसके बाद लोगों ने जमकर पथराव किया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के बीच करीब तीन घंटे तक विवाद होता रहा। बाद में मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस बॉडी को पीएम रुम लेकर गई। मामले में पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है।

शव लेकर रोड पर बैठे परिजन

घटना के बाद लोग काफी आक्रोशित हो गए। बच्ची के शव को गोद में लेकर उसके फूफा उमाकांत साहनी रोड पर ही बैठ गए.उनके साथ और लोग भी बैठ गए। करीब तीन घंटे तक लोग ने सड़क को जाम रखा। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी लेकिन वो मानने को तैयार नहीं हुए।

महिला एसआई से धक्का-मुक्की

घटना के बाद मौके पर लोगों को समझाने गई महिला एसआई कुमारी अर्चना सिंह के साथ वहां की महिलाएं धक्का-मुक्की करने लगी। कई महिलाओं ने कॉलर पर हाथ भी लगा दिया। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव के लिए सामने आना पड़ा। इसके बाद मामला शांत हुआ।

काश पिता गए होते लेने

हर रोज बच्चों को उसके पिता लेने जाते हैं।

सोमवार को पिता अपनी बहन को परीक्षा दिलाने चले गए थे।

पिता के नहीं होने के कारण बच्चे अकेले ही स्कूल से घर जा रहे थे।

मां रो-रोकर यही कह रही है कि काश बच्चों के पिता ही उन्हे लेने गए होते।

कुत्ता से डरकर रूके बच्चे और बस ने रौंद दिया

मेरा नाम विपुल कुमार है। चौराहे पर मेरी किराने की दुकान है। मैं दुकान पर बैठा। इस दौरान डी नोबली स्कूल की छुट्टी हुई। सभी बच्चे घर जा रहे थे। इस दौरान दोनों भाई-बहन हाथ पकड़कर जैसे ही शेखपुरा की ओर मुड़े। पीछे से एक कुत्ता आ रहा था। कुत्ता देखकर बच्चे डर गए और रूक गए। इसी बीच शेखपुरा की ओर से तेज रफ्तार आ रही बस ने रौंद दिया। घटना के बाद दौड़कर मैं चौराहे पर आया और हम लोग बस का पीछा करने लगे और कंडक्टर को पकड़ लिए।

(जैसा की प्रत्यक्षदर्शी ने दैनिक जागरण आई नेक्स्ट को बताया)