PATNA: प्रदेश में थर्सडे को लगाए गए लॉकडाउन की शुरुआत पटना में सुबह के सन्नाटे के साथ से हुई। वहीं दोपहर में भी तमाम सड़कें वीरान रही। इक्का-दुक्का वाहन ही सड़क पर रेंगते हुए दिखा। लोग भी कम ही नजर आए लेकिन शाम होते-होते नजारा पहले की तरह हो गया। अनीशाबाद गोलंबर, मीठापुर बस स्टैंड इलाका से लेकर बोरिंग रोड चौराहा राजापुर पुल व कुर्जी मोड़ के पास भीड़ दिखने लगी। मास्क नहीं पहनने पर 409 लोगों से जुर्माना वसूला गया।

पहले दिन वसूला 14 लाख रुपए जुर्माना

लॉकडाउन के पहले दिन गुरुवार को बिहार पुलिस ने कुल 14 लाख 77 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला। इस दौरान कोई अरेस्टिंग नहीं हुई। वहीं एक एफआईआर दर्ज हुई है। और 683 वाहनों को सीज किया गया है। मुख्यालय के अनुसार यहां से आगे और सख्ती की जाएगी। बेवजह घूमने वालों के विरुद्ध वाहन सीज के अलावा चालक को जेल भी भेजा जाएगा। ताकि लॉकडाउन का ठीक से पालन हो सके।

सड़क पर दिखी पुलिस

लॉकडाउन को कारगर बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के 5 दर्जन अधिकारी सहित 250 से अधिक लाठीधारी और सशस्त्र जवान राजधानी की सड़कों पर दिखे। लेकिन कई बार लोग बिना मास्क के भी घूमते हुए नजर आए उन पर जुर्माना भी किया गया।