- नेपाल प्रशासन व भारतीय नागरिकों में हुए विवाद को एसएसबी व पुलिस ने किया शांत

ARARIYA: नेपाल द्वारा बुधवार को इस्लामपुर स्थित नो मेंस लैंड में किए जा रहे नाला निर्माण कार्य पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रोक लगा दी है। इसे लेकर नेपाल प्रशासन एवं भारतीय नागरिकों में विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। लेकिन एसएसबी एवं जोगबनी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत किया। अब इस मामले को दोनों देशों के वरीय अधिकारियों की बैठक में सुलझाया जाएगा।

वार्ड में हो सकती है परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि जोगबनी के इस्लामपुर स्थित नो मेंस लैंड में नाला खोलने से जोगबनी के वार्ड19 में जलजमाव की समस्या होने से लोग परेशान हो जाएंगे। अगर बाढ़ की स्थिति बनती है तो उस नाले से बाढ़ का पानी पहुंचने से उस वार्ड में बाढ़ भी आ सकती है। इस शिकायत के मद्देनजर भारतीय क्षेत्र की ओर पानी का बहाव होने वाले उस नाले के निर्माण कार्य पर एसएसबी ने रोक लगा दी।

अफसरों ने ली जानकारी

इस बीच एसएसबी के अधिकारियों ने नेपाल के एपीएफ इंस्पेक्टर मौसम पोखरैल से बात कर निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली। बता दें कि उस नाले का निर्माण नेपाल भाग के इस्लामपुर स्थित वार्ड नंबर 17 में पानी निकासी के लिए कराया जा रहा था। उसका निकास नो मेंस लैंड में खोला जा रहा था। एसएसबी ने ऐसा करने से मना करते हुए सीमा पर तैनात नेपाली सुरक्षा कर्मियों को इसे रोकने को कहा। लेकिन नेपाल सुरक्षा कर्मियों द्वारा उसे अनसुना कर दिया गया। अंतत: एसएसबी द्वारा निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया।