पटना(ब्यूरो)। पिंकी (बदला हुआ नाम) रात 8.30 बजे पटना जंक्शन से ट्रेन से उतरकर बुद्ध मार्ग के पास पहुंची और ऑटो का इंतजार करने लगी। वहां मौजूद लोग फब्तियां कसने लगे। 'अरे, एक नजर इस तरफ भी, जहां जाएंगे हम साथ रहेंगेÓ। यह कहते हुए एक ऑटो के पास खड़ा लड़का हंसने लगा। लड़की यह सुन जल्दी से वहां से पैदल ही भागी निकली। यह तो एक केस भर है। दिन भर में पटना की ऐसे और भी रास्तों से कई लड़कियां और महिलाएं लोगों के भद्दे कमेंट्स और कभी तो छेड़खानी के भी शिकार होती है। शॉकिंग यह है कि मामले कई होते हैं लेकिन पुलिस में ऐसे मामले बहुत ही कम दर्ज होते हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने इसे लेकर ऐसे कुछ रास्तों की जांच-पड़ताल की। पेश है रिपोर्ट।

साइट - 1
- स्टेशन से बुद्ध मार्ग
स्टेशन से बुद्ध मार्ग का इलाका लड़कियों के लिए शाम होते ही ब्लैक स्पॉट हो जाता है। यहां शाम सात बजते ही सड़क किनारे मौजूद लोग छेड़ते हैं, परेशान करते हैं। यहां गंदे कमेंट की शिकार लड़कियां अपनी बात शेयर करते हुए बताती हैं कि उन्हें यहां पर अकेले आने में डर लगता है। जब तक कोई मेल मेंबर साथ न हो, यहां से गुजरने में डर लगता है। मदद के लिए मौके पर कोई महिला पुलिस भी नहीं होती है।

साइट -2
जक्कनपुर एरिया
जक्कनपुर एरिया में मीठापुर का एक बड़ा हिस्सा आता है। यह पूरा एजुकेशन हब है और यहां भी लड़कियां सुरक्षित महसूस नहीं करती है। यहां करबिगहिया से बाइपास की ओर बढ़ते हुए कमेंट पास किया जाता है। लड़कियों के साथ गलत हरकत करते हुए इतने बेखौफ हैं कि उन्हें पास में ही थाना होने का भी डर नहीं है। पूर्व में भी लड़कियों को छेडऩे की घटनाएं हुई हैं लेकिन कोई डरकर थाने में केस दर्ज नहीं करती हैं।

साइट - 3
गांधी मैदान
यह शहर का मोस्ट विजिटिंग प्लेस है और पास में ही अशोक राजपथ पर शहर का बड़ा रिहाइशी एरिया भी है। यहां सिनेमा हॉल के पास ही लोग कमेंट करते हुए दिख जाते हैं। चूंकि यहां पटना के अलग-अलग हिस्सों से महिलाएं क्वालिटी टाइम बिताने के लिए आती है। लेकिन स्थानीय स्तर पर इन महिलाओं और लड़कियों को भद्दे कमेंट सुनने को मिलते हैं तो बहुत बुरा लगता है। शहर के प्राइम लोकेशन में ऐसा हो रहा है।

साइट - 4
करबिगहिया
पटना जंक्शन, करबिगहिया की ओर भी शाम होते ही गेट के बाहर असामाजिक तत्व मंडराते रहते हैं। रात में जब यहां से लड़कियां गुजरती हैं तो उन्हें छेड़खानी का शिकार होना पड़ता है। यहां लाइट थोड़ी कम होने के कारण भी असामाजिक तत्वों को फेवरेबल कंडीशन समय मिल जाता है। समय-समय पर यहां पर मामले सामने आते रहे हैं। हर दिन कोई न कोई महिला का शिकार बनाया जाता है।

साइट - 5
कुम्हरार
यह इलाका क्राइम के लिहाज से संवेदनशील है और यहां भी शाम होते ही महिलाओं पर कमेंट करने और छेड़खानी करने वाले सक्रिय हो जाते हैं। इस मामले को लेकर हमेशा ही शिकायत की जाती है। बाइपास से सघन से जुड़े होने के कारण भी महत्वपूर्ण है। लड़कियों का कहना है कि शाम में कुम्हरार एरिया में आने में डर लगता है।

पुलिस लगातार कर रही पेट्रोलिंग
वहीं इस मामले को लेकर पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा कि पुलिस अहम रूट्स पर लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। पुलिस की उपलब्धता बढ़ाने के लिए टाउन आउट पोस्ट की भी स्थापना की गई है। 112 पर भी फोन करके पुलिस को तत्काल मौके पर बुलाया जाता है।