-32 लोगों की क्षमता, पर 15-16 ही कर सकेंगे सैर

PATNA: कोरोना संक्रमण को लेकर लंबे समय से बंद बिहार पर्यटन विकास निगम की ओर से संचालित एमवी कौटिल्य विहार (पानी जहाज) से फिर गंगा की सैर कर सकते हैं। हालांकि, कोरोना संक्रमण को लेकर 50 प्रतिशत की संख्या के साथ ही इस जहाज को चलाया जा रहा है। इसकी क्षमता एक बार में 30 से 32 लोगों की है। कोरोना के समय में इस जहाज से एक बार में 15-16 लोगों को ही सैर कराया जा रहा है। दिन के 11 से शाम पांच बजे तक 150 रुपये का टिकट लेकर गंगा की लहरों पर सैर कर सकते हैं।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए बिना मास्क के किसी भी सैलानी को जहाज पर सैर की अनुमति नहीं दी जा रही है। हर राउंड के बाद जहाज के सभी सीट को सैनिटाइज किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर 18 अप्रैल से इस जहाज को बंद कर दिया गया था।

इन घाटों की कराई जाती है सैर

एमवी कौटिल्य विहार (पानी जहाज) गांधी घाट से खुलकर 45 मिनट में कृष्णा घाट व काली घाट पर जाता है। वापस बड़हड़वा घाट, ला कालेज, रानी व गुलबी होते हुए पत्थरी घाट तक जाता है। वहां से फिर वापस गांधी घाट जाता है। सोमवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन इस जहाज से गंगा की लहरों की सैर की जा सकती है।