- विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता एडीआर की रिपोर्ट रखी

- स्पीकर बोले : मेरे खिलाफ भी मामला दर्ज होगा, नई जानकारी रखिए

PATNA: प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को विधानसभा की प्रथम पाली में शून्यकाल में दागी मंत्रियों के नाम की सूची के एडीआर की रिपोर्ट को रखा। उन्होंने अध्यक्ष से मुखातिब होकर कहा कि आपने प्रदेश के 64 परसेंट दागी मंत्रियों का साक्ष्य मांगा था। वह एडीआर की रिपोर्ट में स्पष्ट है, जिसे पूरा प्रदेश और देश जानता है। रिपोर्ट को रख रहा हूं। बिहार के कई मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगे हुए हैं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि एडीआर की रिपोर्ट में तो मेरे ऊपर भी अचार संहिता का मामला दर्ज होगा। कई सदस्यों का मामला दर्ज होगा, आप भी नहीं बचे होंगे। कोई नई जानकारी है तो रखिए।

सरकार पर बोला हमला

तेजस्वी ने पत्रकारों से बातचीत में दागी मंत्रियों को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने बताया कि दागी मंत्रियों की सूची विधानसभा अध्यक्ष को सौंपी। मंत्री रामसूरत राय को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश सरकार अपने मंत्री को बचा रही है, लेकिन उनके खिलाफ सारे सबूत विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया गया है। इससे पहले विधानसभा गेट पर राजद विधायकों ने शराबबंदी को लेकर जमकर नारेबाजी की। साथ ही बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ। श्रीकृष्ण सिंह और जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिलाने की मांग की।