- विरोधी दलों के नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष को घेरा, नीरज ने इसे बताया भाड़े का ज्ञान

PATNA: बिहार के फ‌र्स्ट सीएम श्रीकृष्ण सिंह की पुण्यतिथि पर अनुग्रह नारायण सिंह की तस्वीर लगा श्रद्धांजलि देने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फंस गए हैं। इस चूक के चलते तेजस्वी पर चारों ओर से हमले होने लगे हैं। जदयू, भाजपा के साथ ¨हदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के नेताओं ने तेजस्वी की आलोचना की है। दरअसल, तेजस्वी ने संडे दोपहर 12 बजे अपने ट्विटर हैंडल से श्रीबाबू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गलती यह हो गई कि तस्वीर में श्रीकृष्ण सिंह की जगह अनुग्रह नारायण सिंह की तस्वीर लगा दी गई। विरोधियों की नजर जैसे ही पड़ी, वैसे ही हमले शुरू हो गए।

भद्द पिटवा लिहिस लड़का

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने इसे भाड़े के ज्ञान का विस्फोट बताया और कहा कि राजनीतिक पर्यटक बिहार के महापुरुषों के बारे में नहीं जान सकते हैं। लालू परिवार तो भ्रष्टाचारियों और जेल में बंद अपराधियों को ही जान सकता है। जीतनराम मांझी ने भी तेजस्वी यादव पर बिहारी अंदाज में हमला बोला। ट्वीट कर कहा-'हई देखिए अब जेकरा ई नहीं पता है कि श्रीकृष्ण बाबू कउन हैं, उहो खुद को बिहार के नेता बुझने लगे हैं। तेजस्वी यादव बाबू अगर आपको बिहार के विभूतियों की जानकारी नहीं है तो हम आपको सबका फोटो भेज देते हैं। आगे से फोटो देखकर ही कुछ चीं-चीं कीजिएगा। भद्द पिटवा लिहिस लड़का'

राजद ने बताया मानवीय भूल

मामले ने जब तूल पकड़ लिया तो राजद की ओर से भी सफाई आई है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने इसे तकनीकी भूल करार दिया और कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद ग्राफिक्स नहीं बनाते हैं। उनके ट्वीट के लिए जिसने ग्राफिक्स डिजाइन की है, उससे गलती हुई है। जो इस भूल को मुद्दा बना रहे हैं, उन्हें तेजस्वी यादव की भावना को देखना चाहिए। सीएम नीतीश कुमार ने श्रीबाबू को याद नहीं किया। लेकिन तेजस्वी ने याद किया तो जदयू को यह नागवार गुजर रहा है।