- पटना समेत 7 जिलों में कोल्ड डे, सुपौल में रहा सीवियर कोल्ड-डे

- बर्फीली हवाओं से भीषण ठंड की चपेट में प्रदेश

PATNA :

पश्चिम से बर्फीली हवा और ओडिशा में बने चक्रवात के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण ठंड की चपेट में हैं। शुक्रवार को पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, छपरा, दरभंगा व फारबिसगंज में कोल्ड-डे रहा। इसके अलावा सुपौल में सीवियर कोल्ड-डे रिकॉर्ड किया गया। पटना में अधिकतम तापमान गिरकर 15.5 पर चला गया, जो सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम है। शहर में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आकाश में बादल व कोहरा होने के कारण मामूली रूप से सूरज के दर्शन हुए।

दो दिनों का अलर्ट

शुक्रवार को राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश भी हुई। नवादा के रजौली व गया के शेरघाटी में चार मिमी और औरंगाबाद में दो मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञानियों ने अगले दो दिनों तक राज्य में कोल्ड-डे व सीवियर कोल्ड-डे रहने का अलर्ट जारी किया है। लोगों को बेहद सावधान रहने की चेतावनी दी गई है।

ठंड की चपेट में प्रदेश

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि बर्फीली हवा के कारण प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में है। ऐसी स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहने की उम्मीद है। राजधानी की हवा में 100 फीसद नमी दर्ज की गई। पटना के अलावा राज्य के अधिकांश भागों में आर्द्रता 95 से लेकर 100 फीसद तक रिकॉर्ड की गई। वहीं, गया में अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम रहा।