- नगर निगम की स्थाई समिति की बैठक में 14 एजेंडों पर लगी मुहर

PATNA :

पटना नगर निगम की तरफ से शहर में बनने वाले 3 मॉल के लिए पिछला टेंडर रद कर दिया गया है। अब सरकारी एजेंसी की तरफ से मॉल का निर्माण किया जाएगा। ये बातें पटना नगर निगम की स्थाई समिति की 45वीं बैठक के बाद नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने कही। निगम प्रशासन की ओर से वर्ष 2019-20 के बजट में पहली बार मॉल के निर्माण की योजना को मंजूरी मिली थी। वर्ष 2020-21 के बजट में भी इसे शामिल किया गया। लेकिन, अब तक आगे की कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। अब निगम प्रशासन पहले जारी हुए टेंडर को रद कर नए सिरे से टेंडर जारी करेगा। बैठक में नगर आयुक्त के साथ मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर मीरा देवी के साथ स्थाई समिति के सदस्य मौजूद रहे।

स्पैरो ही करेगा होल्डिंग टैक्स वसूली

पटना नगर निगम की तरफ से होल्डिंग टैक्स वसूल करने वाली संस्था स्पैरो को एक्सटेंड किया गया है। 2022 तक स्पैरो को एक्सटेंड करने का प्रस्ताव स्थाई समिति में पास किया गया है। इस पर सभी सदस्यों की सहमती रही।

मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स में बनेगी बाउंड्री व गेट

मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स में चहारदीवारी के निर्माण की योजना को भी सशक्त स्थायी समिति में पास किया गया। इसके अलावा एक अन्य गेट का निर्माण भी किए जाने की योजना है। बैठक में निगम कर्मचारियों को एसीपी का लाभ दिए जाने की योजना को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही आरबीआई के साथ निगम ने एनओसी देकर उस एरिया में ग्रीनरी की जिम्मेदारी सौंपी है। अभी यूरिनल और गंदगी से भरे उस जगह पर आरबीआई की मदद से हरियाली लाई जाएगी।

सफाई सामग्री की खरीद के लिए होगा दर निर्धारण

निगम की ओर से विभिन्न प्रकार की सामग्रियों की खरीद के लिए रेट पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्वीपिंग मशीन की अवधी का विस्तार किया जाएगा। रामाचक बैरिया में जमा लीगेसी वेस्ट की बायो माइनिंग की योजना पर भी अब काम शुरू किया जाएगा।

14 एजेंडे पर लगी मुहर

स्थाई समिति की बैठक में वार्डो को दिए गए सफाई कर्मचारियों के संबंध में चर्चा की गई। जरूरत के हिसाब से वार्डो में सफाई मजदूरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया गया। इसके अलावा नगर निगम प्रशासन की ओर से चयनित की गई दो करोड़ से अधिक की योजनाओं को विचार के लिए सशक्त स्थायी समिति में पेश किया जाएगा। इसके अलावा आवारा कुत्तों की नसबंदी कराने की योजना पर भी चर्चा की गई ।