-मुखिया हेमा मौर्य को भीड़ से खींचकर बरसाई गोलियां

-अपराधी बमबम महतो से देवर की है रंजिश, मुखिया पति व एक देवर की पहले ही हो चुकी है हत्या

BEGUSARAI/PATNA: बेगूसराय के नावकोठी प्रखंड में शुक्रवार को मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन करने गई समसा पंचायत की मुखिया हेमा मौर्य की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ताबड़तोड़ फाय¨रग से हड़कंप मच गया। जान बचाने के लिए भीड़ इधर-उधर भागने लगी। जब तक लोग कुछ समझ पाते अपराधी फरार हो गए। हत्या का कारण पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है।

गंडक नदी के किनार हुई घटना

डीएसपी बखरी ओम प्रकाश ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मुखिया हेमा मौर्य मां सरस्वती की प्रतिमा के विसर्जन के लिए ग्रामीणों के साथ बूढ़ी गंडक नदी गई थीं। घात लगाए अपराधियों ने महिलाओं के बीच से मुखिया को हथियार के बल पर बाहर खींच लिया और कुछ दूर ले जाकर गोलियां दाग दीं।

लंबे समय से चल रहा खूनी संघर्ष

इससे पहले भी अपराधियों ने मुखिया के घर पर चढ़कर जानलेवा हमला किया था। मुखिया हेमा मौर्य के पति अवनी कुमार मौर्य व देवर चुनचुन महतो की भी हत्या हो चुकी है। मुखिया के देवर रंजीत महतो व बमबम महतो गिरोह के बीच लंबे समय से खूनी संघर्ष चल रहा है। जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। मुखिया का देवर रंजीत महतो जेल में है। बमबम महतो फरार रहकर अपने गिरोह का नेतृत्व कर रहा है।