पटना ब्‍यूरो। नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उस आयोजन में इंट्री को लेकर कोई विवाद नहीं था। क्योंकि पूरे पटना यूनिवर्सिटी के छात्र और छात्राओं की उसमें फ्री इंट्री थी। फिर इंट्री को लेकर कोई विवाद की बात नहीं थी। डांडिया नाइट में छात्रों का एक गुट जो पटेल छात्रावास व जैक्शन से जुड़े हुए थे। उन्होंने कुछ लड़कियों के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी थी। जिसे लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट का कारण बन गया था।

अमन पटेल का फटा था सर


मारपीट में अमन पटेल का सर फट गया था। उसे ज्यादा चोट आई थी और 12 टांके लगाने पड़े थे। वहीं एक अन्य छात्र रवि भूषण का भी सर फटा था और उसे चार टांके पड़े थे। कथित रूप से लड़कियों के साथ डांडिया नाइट में छेड़छाड़ का आरोप अमल पटेल पर ही लगा था। यहां पर पटेल और जैक्शन हॉस्टल के छात्रों को अच्छी फजीहत का भी सामना करना पड़ा था। इसके बाद इनकों पूरे आयोजन से निकाल दिया गया था। इस पूरे मामले को लेकर अमल पटेल काफी आक्रोशित था। उसने आज से तीन माह पहले जैक्शन के एक छात्र से बदले की भावना का जिक्र किया था। हालांकि उस छात्र ने उसे समझाया भी था। डांडिया नाइट में अमन और रवि के अलावा उसके दोस्तों के साथ हुई मारपीट में कहीं से भी हर्ष शामिल नहीं था। वह केवल इस आयोजन का मुख्य प्रबंधक था। हर्ष हत्याकांड के आरोपी छात्रों को ऐसा लगता था कि वहां पर उनके साथ मारपीट की जो घटना हुई थी वह हर्ष के इशारे पर ही हुई थी।

हर्ष को बदले की थी आशंका


जिस परीक्षा में हर्ष शामिल हुआ था उसी एग्जाम में एक छात्रा भी एग्जाम दे रही थी। उसने बताया कि हर्ष का सीट उसके ठीक पीछे था। उसने एग्जाम में उसकी मदद भी की थी। छात्रा के अनुसार हर्ष राज पहले दो पेपर का एग्जाम कार से देने आया था। उनके साथ उनके मित्र भी होते थे। लेकिन दो पेपर में जब उनके साथ कुछ नहीं हुआ तब वह हमले की आशंका से मुक्त हो गया था। लास्ट दिन एग्जाम खत्म होने से 25 मिनट पहले वह निकल गया था। फिर पैदल ही वह कॉलेज कैम्पस से निकल कर लॉ कॉलेज हॉस्टल की ओर गया था। लेकिन फिर वापस अपने बाइक के पास आता है। उसी समय उस पर अचानक हमला हुआ।

आरोपियों के नेपाल भागने की आशंका


इस मामले के आरोपियों के नेपाल भागने की चर्चा है। हॉस्टल सूत्रों के अनुसार ऐसी चर्चा है कि वे लोग नेपाल भाग गए हैं। क्योंकि उन्हें पुलिस के इस तरह के एक्शन की उम्मीद नहीं थी। भागने से पहले एक आरोपी ने अपने एक मित्र से पैसा को लेकर संपर्क किया था। लेकिन उसने पैसा नहीं होने की बात कहते हुए देने से इनकार कर दिया था।