पटना (ब्यूरो)। नए साल में हर एक अंक जोड़ी बनाता दिख रहा है तो आज सौर परिवार में पृथ्वी भी सूर्य के समीप आकर जोड़ी बनाने जा रही है। सूर्य के चारों ओर अंडाकार पथ में परिक्रमा करते हुए पृथ्वी वर्ष के सबसे नजदीक बिंदु पर होगी। इस खगोलीय घटना को पेरीहिलियन कहते हैं। ये जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने दी।

घट जाएगी दूरी
वैज्ञानिकों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर 12 बजकर 22 मिनट पर पृथ्वी और सूर्य के बीच दूरी घटकर 14 करोड़, 71 लाख, 5 हजार, 52 किमी रह जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष में एक बार पृथ्वी सूर्य के सबसे पास होती है। इसके बावजूद पृथ्वी पर ठंड चरम पर रहती है। सारिका ने बताया कि इसके बाद 4 जुलाई को जब पृथ्वी और सूर्य एक दूसरे से दूर होंगे तो यह दूरी 15 करोड़ 20 लाख 98 हजार 4 सौ 55 किमी होगी। इस घटना को अफीलियन कहते हैं।

सूर्य के पास रहने पर ठंड
पेरीहिलियन और अफीलियन के बारे जानकारी देते हुए वैज्ञानिकों ने बताया कि इस खगोलीय घटना में सूर्य और पृथ्वी जब नजदीक में होते हैं तो ठंड ज्यादा लगता है। वहीं, जब एक दूसरे से दूरी पर रहते हैं तो गर्मी का मौसम आ जाता है। मौसम में गर्मी या ठंड का होना पृथ्वी के अपने अक्ष पर झुके होकर घूमने के कारण होता है। झुकाव के कारण किसी समय पृथ्वी के जिस भाग पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ रही होती है वहां गर्मी पड़ती है और जहां किरणें तिरछी पड़ती है वहां ठंड महसूस होती है। इसके साथ ही वायु दाब , रेगिस्तान से आने वाली हवाएं आदि तापमान को प्रभावित करते हैं।