-भीम बांध व उसके आसपास के 13 गांवों के लोगों को मिलेंगे सभी सरकारी सुविधाओं के लाभ

MUNGER/PATNA: सूबे के उप मुख्यमंत्री सह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुशील कुमार मोदी ने शुक्रवार को मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर अनुमंडल में भीमबांध पारिस्थितिकीय पर्यटन केंद्र का शुभारंभ किया। इसके अलावा वहां गर्म कुंड, विश्राम गृह, शौचालय आदि के भी जीर्णोद्धार व निर्माण किए गए हैं। इस बांध के विकास पर 8.90 करोड़ की लागत आई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे के पर्यटन केंद्रों का विकास कर यहां की आर्थिक विकास की दर बढ़ाई जा सकती है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य के विभिन्न पर्यटक स्थलों के विकास कराए जा रहे हैं। एक वर्ष के अंदर खड़गपुर झील का सौंदर्यीकरण कर उसे भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर दिया जाएगा। इसका डीपीआर तैयार कराया जा रहा है।

प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील

उन्होंने लोगों से भीम बांध को प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाल्मिकी नगर की तरह यहां भी अब पर्यटकों की भीड़ जुटेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयास से जल्द ही भीम बांध व उसके आसपास के लगभग 13 गांवों के लोगों को सभी सरकारी योजनाओं के लाभ मिलने लगेंगे। जल जीवन हरियाली यात्रा के क्रम में जल्द ही मुख्यमंत्री मुंगेर आएंगे। हम उनसे भीमबांध अतिथि गृह में प्रवास करने का अनुरोध करेंगे। ताकि वे यहां के नए स्वरूप देखें। उन्होंने कहा कि सीएम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू जल जीवन हरियाली योजना पर 24500 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। सूबे की आबोहवा में बदलाव लाने के लिए तीन वर्षों में आठ करोड़ पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है। नौ अगस्त को ढाई करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसकी कार्य योजना प्रधान सचिव द्वारा तैयार की जा रही है। इस दौरान उन्होंने भीम बांध पारिस्थितिकीय पर्यटन केंद्र विवरणिका का भी विमोचन किया।