-टीकाकरण में यूपी देशभर में पहले नंबर पर, बिहार दूसरे तो मध्य प्रदेश तीसरे नंबर रहा

PATNA: बिहार में टीकाकरण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को देश में बिहार दूसरा प्रदेश रहा जहां सर्वाधिक लोगों का टीकाकरण किया गया। पहले पायदान पर उत्तर प्रदेश है जहां आज 6.53 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया वहीं बिहार में 4.40 लाख लोगों को वैक्सीनेट किया गया। कोविन पोर्टल से मिली जानकारी के अनुसार टीकाकरण में मध्यप्रदेश तीसरे नंबर पर रहा। गुरुवार को मध्यप्रदेश में 4.28 लाख लोगों को कोविड वैक्सीन की डोज दी गई। जबकि महाराष्ट्र में 3.35 लाख को डोज मिली।

पटना में 46 हजार से अधिक को वैक्सीन

कोविन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार पटना में 46202, मुजफ्फरपुर में 22318, भागलपुर में 14230, गया में 13788 लोगों का टीकाकरण किया गया। ये वे जिले हैं जहां सर्वाधिक लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। आज टीकाकरण के लिए 2926 केंद्र बनाए गए थे। इसके साथ ही बिहार में टीकाकरण का आंकड़ा तीन करोड़ के करीब पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि टीकाकरण की रफ्तार काफी तेजी से बढ़ी है। बिहार को केंद्र से पर्याप्त वैक्सीन के डोज प्राप्त हो रहे हैं। शनिवार को टीकाकरण में और तेजी आएगी। बता दें कि राज्य में अब तक 1,97,43,260 लोगों का टीकाकरण किया गया है। इनमें 1,68,16,032 लोगों को वैक्सीन की पहली और 29,27,228 को दोनों डोज दी जा चुकी है।

बिहार को मिले वैक्सीन के आठ लाख डोज

बिहार को केंद्र से वैक्सीन के और आठ लाख डोज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि बिहार में छह महीने में छह करोड़ व्यस्कों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। जिस पर तेजी से अमल हो रहा है। बिहार को पर्याप्त संख्या में वैक्सीन मिल रही हैं। गरुवार को बिहार को आठ लाख डोज मिले हैं।