पटना (ब्यूरो)। बिहार के 18 जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। जबकि अगले 48-72 घंटों में उत्तरी भागों में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा की मानें तो अगले हफ्ते तक प्रदेश का मौसम कुछ इसी प्रकार बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त पुरवा हवा का प्रवाह पूरे प्रदेश में होगा जिसके प्रभाव से तापमान में कोई विशेष वृद्धि नहीं होगी। 24 घंटों के दौरान उत्तर मध्य जिले के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर उत्तर पूर्व जिले के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार एवं उत्तर पश्चिम जिले के पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, गोपालगंज में मेघ गर्जन के साथ हल्की सी मध्यम स्तर की बारिश होगी।

30-40 किमी रहेगी हवा की स्पीड
इन जगहों पर हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहेगी। इन मौसमी प्रभाव को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में अगले तीन दिनों तक वृद्धि के कोई आसार नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई।

40 डिग्री के नीचे पारा दर्ज
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, गुरुवार को पटना सहित अन्य जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। पुरवा के कारण पारे में भी आंशिक गिरावट दर्ज की गई। 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के रोहतास, नालंदा, सहरसा, खगडिय़ा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, जमुई, बांका के तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, शेष शहरों के तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई।

सामान्य से अधिक बारिश का पूर्वानुमान
मई के आरंभ में ही पुरवा हवा की मजबूत स्थिति से इस बार मानसून में प्रदेश में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही लोगों को अप्रैल जैसी प्रचंड गर्मी मई में नहीं झेलनी पड़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के विज्ञानी के अनुसार, पुरवा के कारण तापमान में गिरावट के कारण लोगों को गर्मी से भी राहत मिलेगी। प्रदेश में पुरवा हवा का प्रभाव लगभग बना रहेगा। बारिश की गतिविधियों में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अंडमान सागर में एक लो डिप्रेशन की स्थिति बनने के आसार हैं, जिसका प्रभाव प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा।

छाए रहेंगे बादल
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान बादल छाए रहने के साथ बारिश की हल्की गतिविधियां बनते रहने के आसार हैं। प्रदेश में पूरे महीने में सामान्य से अधिक बारिश का भी पूर्वानुमान है। आंधी-पानी की स्थिति बने रहने के साथ तापमान भी नियंत्रित रहने के आसार हैं। प्रदेश के अधिकतर भागों में सामान्य से अधिक बारिश का भी पूर्वानुमान है।

कुछ जगहों पर 50-60 किमी प्रति घंटा रफ्तार से चलेगी हवा
प्रदेश के कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50-60 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञानी की मानें तो विशेष तौर पर उत्तर बिहार में इस बार बारिश की अच्छी स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। वहीं दक्षिण बिहार में भी गर्मी भी नियंत्रित रहेगी। प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। न्यूमेरिकल माडल के अनुसार, मई में तापमान नियंत्रित रहेगा। वहीं, बंगाल की खाड़ी में एक दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी युक्त पुरवा हवा का प्रवाह बना रहेगा। बारिश में भी वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहने का पूर्वानुमान है।