-मुकदमे में नामजद कराए गए हमलावर के पिता और भाई, पुलिस जांच के बाद करेगी गिरफ्तार

-घटना के बाद पछता रहा अरोपी, थर्सडे को भेजा जाएगा जेल

बरेली : गुसाई गौटिया में दवा कारोबारी व उसकी बहन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। सरेंडर करने वाले युवक पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। पुलिस उसे थर्सडे को जेल भेजेगी। घायल भाई-बहन का ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि हालत खतरे से बाहर है।

अच्छे दोस्त थे दोनों

पुलिस की जांच में सामने आया कि गोली से घायल शोभित और आरोपी पंकज शर्मा अच्छे दोस्त थे। पंकज की बहन का रिश्ता कराने में भी शोभित ने मदद की थी। पंकज अक्सर शोभित की स्कूटी लेकर भी घूमता था। इसके बाद उनमें रुपयों के लेनदेन को लेकर मनमुटाव हुआ। पंकज ने शोभित से अपनी दुकान खाली करा ली। दोनों में मनमुटाव बढ़ता गया। दोस्ती में दरार पड़ गई। तीन दिन पहले भी स्कूटी खड़ी करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था।

एक दिन पहले हुआ था विवाद

पुलिस की मानें तो सोमवार को पंकज के घर के बाहर खेल रहे बच्चों को शोभित ने कुछ कह दिया था। पंकज बाहर निकला तो शोभित उसे देख रहा था। पंकज ने घूरने की बात कहते हुए कारण पूछा। विवाद के बाद शोभित ने गाली-गलौज कर दी थी। पंकज उस समय चुप होकर चला गया।

पहले से कर रहा था वेट

रात में जब शोभित जिम से लौटा तो पंकज तमंचा लेकर इंतजार कर रहा था। शोभित ने दुकान से बहन को प्रीति को बुलाकर सड़क पर बात कर रहा था, तभी पंकज ने छत से फायर झोंकना शुरू कर दिए। एक-एक कर उसने चार गोलियां शोभित पर चलाई थीं। एक शोभित के सीने के पार निकल गई। एक गोली बहन प्रीती के सिर को रगड़ते हुए निकली थी।

मां ने मारा लेकिन कुछ नहीं बोला

पंकज जब शोभित व उसकी बहन पर फाय¨रग कर रहा था। उसी दौरान शोभित की मां पहुंच गई थी। गोली मारकर छत से तमंचा लेकर उतरे पंकज को उन्होंने डंडा भी मारा लेकिन पंकज ने शोभित की मां से कुछ नहीं बोला। पुलिस के पास जाकर सरेंडर कर दिया।

गुस्से में की घटना, फिर पछताया

पूछताछ में पंकज ने पुलिस को बताया कि वह घटना नहीं करना चाहता था। शोभित के कारण वह परेशान हो गया था। मंगलवार को जब उसने गाली दी तो गुस्सा फूट पड़ा था।

जांच के बाद कार्रवाई

इंस्पेक्टर ने बताया तहरीर पर पंकज के पिता व भाई पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनपर आगे की कार्रवाई जांच के बाद ही की जाएगी।

आरोपित को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया गया है। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

नरेश त्यागी, इंस्पेक्टर बारादरी