कानपुर। आम बजट 2020 पेश होने में अब सिर्फ दो दिन बाकी रह गए हैं। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी यानी कि शनिवार को सुबह 11 बजे संसद में बजट पेश करेंगी। मोदी सरकार के इस बार के बजट को अर्थव्‍यवस्‍था को गति देने के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। इस पर देश ही नहीं दुनिया भर की निगाहें टिकी हैं। बता दें कि वित्त वर्ष 2015-16 के बाद पहला ऐसा मौका होगा, जब आम बजट शनिवार को पेश किया जाएगा। बजट सत्र इस बार दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले राउंड का बजट सत्र 31 जनवरी से 11 फरवरी तक होगा, इसके बाद 2 मार्च से 3 अप्रैल तक बजट सत्र का दूसरा राउंड आयोजित होगा।

Union Budget 2020 Date, Time, When & Where to watch: जानें कब पेश होगा बजट, कहां देख सकेंगे

वित्त मंत्रालय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है आर्थिक सर्वें

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आम बजट से ठीक एक दिन पहले 31 जनवरी को आर्थिक सर्वे आएगा। इसमें देश के आर्थिक विकास का सालाना लेखाजोखा होता है। सर्वे में यह अनुमान होता है कि कम समय में अर्थव्यवस्था में किस लेवल तक पहुंचाया जा सकता है। बता दें कि वित्त मंत्रालय में चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर आर्थिक सर्वे को तैयार करते हैं। यह दस्तावेज वित्त मंत्रालय के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। आर्थिक सर्वे अर्थव्यवस्था के सभी पहलुओं को बटोरते हुए एक विस्तृत सांख्यिकी आंकड़ा प्रदान करता है। अगर भारत की अर्थव्यवस्था के बारे में पूरी जानकारी चाहिए तो आर्थिक सर्वे में यह आसानी से मिल सकती है।