JAMSHEDPUR : मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार को दोपहर शहर पहुंचे। सोनारी एयरपोर्ट पर भाजपा महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार सहित अन्य भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे अपने एग्रिको स्थित आवास गए। महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया मुख्यमंत्री की तबियत ठीक नहीं लग रही थी। इसलिए उन्होंने सीधे आवास पर जाकर विश्राम करने का निर्णय लिया।

इधर, हर साल की तरह इस साल भी सावन की तीसरी सोमवारी पर भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए सूर्य मंदिर कमेटी के तत्वावधान में हरि मैदान बारीडीह से जल यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल होंगे। उनके साथ हजारों भक्त भी इसमें शरीक होंगे। कलश यात्रा के बारीडीह के मुख्य मार्ग से होते हुए सूर्य मंदिर पहुंचने पर भगवान शिव का पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक करेंगे। यात्रा की अगुवाई मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ ही उनकी पत्‍‌नी रुक्मिणी देवी करेंगी। उनके पीछे पीली साड़ी पहने हजारों महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलेंगी। जल यात्रा में महिला-पुरुष समेत 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। सुरक्षाकर्मियों के अलावा मेडिकल टीम भी अपनी सेवा देगी।