LUCKNOW (5 April):

राजधानी की मस्जिद से पकड़े गए सात और जमातियों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। वहीं पीजीआई-केजीएमयू में संडे को कुल 17 मरीजों में वायरस में पाया गया है। यह प्रदेश के विभिन्न जिलों के हैं। अब लखनऊ में मरीजों की संख्या 28 हो गई है।

115 सैंपल की जांच

केजीएमयू में शनिवार रात को करीब 115 सैंपल की जांच की गई। इसमें 16 मरीजों में कोराना की पुष्टि हुई है। इसमें एक बांदा, तीन लखीमपुर खीरी, दो रायबरेली, तीन आगरा और सात मरीज लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती हैं। राजधानी के अस्पतालों में भर्ती सातों मरीज तबलीगी जमात के हैं। इसमें पॉजिटिव आया एक मरीज बलरामपुर अस्पताल में भर्ती है। वहीं, छह साढ़ामऊ अस्पताल में शिफ्ट कर दिए गए हैं। उधर, पीजीआई में 41 मरीजों में कोरोना की जांच की गई। कानपुर के एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। राजधानी में सात नए पॉजिटिव पाए गए जमातियों में से दो राजस्थान, तीन असम व अन्य सहारनपुर के हैं।

शहर के अस्पतालों में अब 29 पॉजिटिव मरीज

राजधानी के अस्पतालों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। इनमें से 13 बलरामपुर अस्पताल, छह साढ़ामऊ अस्पताल में, एक पीजीआई, दो कमांड हॉस्पिटल व सात केजीएमयू में भर्ती हैं।

100 से अधिक संदिग्ध लोगों जांच जारी

राजधानी के बलरामपुर अस्पताल में 27 लोग तब्लीगी जमात के भर्ती हैं। यहां 13 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, जमात के 108 लोगों को बीकेटी के जीसीआरजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। यहां के छह लोगों में कोरोना की पुष्टि होने पर साढ़ामऊ अस्पताल भेजा गया है। लोक बंधु अस्पताल में 23 विदेशी, उनके संपर्क में आए दो गाइड और दो चालकों को भर्ती किया गया है।