नई दिल्ली (एएनआई)। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ट्वीट किया कि पश्चिम-मध्य से सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन में तेज हो गया है। अगले 12 घंटों के दौरान एक चक्रवाती तूफान जवाद के तेज होने और कल सुबह तक उत्तर आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट पर पहुंचने की संभावना है। चक्रवात जवाद के मद्देनजर दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर लो प्रेशर एरिया विकसित हो रहा है। इसके चलते गुरुवार शाम को ओडिशा सरकार ने इसके प्रतिकूल प्रभावों को रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। ओडिशा सरकार ने आसन्न चक्रवाती स्थिति को देखते हुए तटीय जिलों में एनडीआरएफ, राज्य अग्निशमन सेवा और ओडिशा आपदा रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएएफ) सहित 266 टीमों को तैनात करने की योजना बनाई है।

आंध्र प्रदेश- ओडिशा के तट तक पहुंचने की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चक्रवात जवाद की संभावना में उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इससे पहले, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सूचित किया था कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रशेर एरिया के तेज होने की उम्मीद है और शनिवार, 4 दिसंबर, 2021 की सुबह के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश- ओडिशा के तट तक पहुंचने की उम्मीद है।

हवा की गति 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती

इस दाैरान हवा की गति 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी सभी संबंधित राज्यों को नवीनतम पूर्वानुमान के साथ नियमित बुलेटिन जारी कर रही है। कैबिनेट सचिव ने सभी तटीय राज्यों के मुख्य सचिवों और संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों या एजेंसियों के साथ स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की है।

National News inextlive from India News Desk