रांची (एएनआई)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में पेरिस में तीन स्वर्ण पदक जीतने के लिए तीरंदाज दीपिका कुमारी को बधाई दी है। सोरेन ने ट्वीट किया, 'तीरंदाजी वर्ल्ड कप में एक ही दिन में 3 गोल्ड मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाली झारखंड की बेटी दीपिका कुमारी को बहुत-बहुत बधाई और आशीर्वाद।' भारत की तीरंदाज दीपिका कुमारी ने रविवार को पेरिस में तीरंदाजी विश्व कप स्टेज 3 में गोल्ड मेडल की अपनी हैट्रिक पूरी की क्योंकि उन्होंने रिकर्व इंडिविजुअल कंप्टीशन 6-0 से जीती।

दीपिका कुमारी ने रचा इतिहास
दीपिका कुमारी ने रूस की एलेना ओसिपोवा को शानदार तरीके से 6-0 से हराया। यह दीपिका का 2021 का दूसरा व्यक्तिगत वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल और दिन का तीसरा गोल्ड है क्योंकि उन्होंने पहले महिला टीम और मिश्रित टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले दीपिका और अतनु की पति-पत्नी की जोड़ी ने गैब्रिएला श्लोसेर और सजेफ वैन डेन बर्ग की डच जोड़ी को सेट डाउन के बाद 5-3 से हराकर एक जोड़ी के रूप में अपना पहला विश्व कप स्वर्ण पदक जीता।

दिन की शुरुआत गोल्ड मेडल के साथ
दिन की शुरुआत में, भारत की महिला रिकर्व टीम जिसमें दीपिका कुमारी, कोमलिका बारी और अंकिता भकत शामिल हैं, ने फ्रांस की राजधानी में तीरंदाजी विश्व कप स्टेज 3 में गोल्ड मेडल जीता। फाइनल में टीम ने मैक्सिको को 5-1 से हराया। शनिवार को, अभिषेक वर्मा ने अपना दूसरा व्यक्तिगत विश्व कप स्वर्ण जीतकर विश्व कप में भारतीय टीम की शुरुआत की। अभिषेक ने यूएसए के क्रिस शैफ को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीता।