अयोध्या (एएनआई)। Ayodhya Deepotsav 2023 : अयोध्या दिवाली की पूर्व संध्या पर शनिवार को एक भव्य दीपोत्सव आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। दीपोत्सव के मौके पर 51 घाटों पर 24 लाख से अधिक दीये शहर को रोशन करेंगे। दीपोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 6.30 बजे सरयू आरती करेंगे और 7.30 बजे सरयू नदी तट पर घाटों की श्रृंखला राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का उद्घाटन करेंगे। दीपोत्सव के बाद शहर में लेजर शो का आयोजन किया जाना है। इस विशेष पर उत्तर प्रदेश सरकार के लगभग सभी मंत्री अयोध्या में मौजूद रहेंगे। 50 से ज्यादा देशों के हाइ कमिश्‍नर और एंबेसडर इसमें शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अतिथियों के साथ चार देशों की रामलीला देखेंगे। योगी आदित्यनाथ रात्रि विश्राम अयोध्या में ही करेंगे।


गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की भी योजना बना
उत्सव के तहत दीपोत्सव के लिए श्री राम जन्मभूमि पथ को भी विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया जा रहा है। लगभग 24 लाख मिट्टी के दीयों से यूपी सरकार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की भी योजना बना रही है। झारखंड के पाकुड़ जिले के आदिवासी लोगों सहित विभिन्न स्थानों के लोग भव्य दीपोत्सव के गवाह बनेंगे। करीब 48 आदिवासी लोग शनिवार को दीपोत्सव मनाने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं।
झारखंड से उत्‍सव के लिए नंगे पैर अयोध्या आए
ये लोग पहाड़ी इलाके में रहते हैं और उत्‍सव के लिए नंगे पैर अयोध्या आए हैं। झारखंड प्रदेश श्री राम जानकी चैरिटेबल सर्विस ट्रस्ट ने उन्हें दीप उत्सव में भाग लेने के लिए यहां भेजा है। ये अपनी पारंपरिक पोशाक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में दीप जलाएंगे। पाकुड़ के लोग पहली बार अयोध्या आये हैं। इससे पहले संथाली समुदाय के लोग अयोध्या में दिवाली देखने आए थे।

National News inextlive from India News Desk