- डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने किया जिला व महिला अस्पताल का निरीक्षण

GORAKHPUR: डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने बुधवार को जिला व महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने विभिन्न वार्डो में भर्ती मरीजों से हालचाल पूछा और इलाज के साथ दवाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम ने निरीक्षण के दौरान देखा कि किसी भी वार्ड में एसी नहीं है, लिहाजा उन्होंने मौके पर मौजूद जिम्मेदारों को सभी वार्डो में एसी लगवाने का आदेश दिया। इसके लिए प्रपोजल भी मांगा। उन्होंने अस्पतालों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता पर कई सवाल भी किए। निरीक्षण के दौरान दोनों अस्पतालों के एसआईसी व सीएमओ डॉ। रवींद्र कुमार मौजूद रहे।

दुरुस्त रहे सफाई व्यवस्था

बुधवार को करीब 12.30 बजे डीएम के विजयेंद्र पांडियन जिला अस्पताल के इमजेंसी वार्ड पहुंचे। यहां पहले से जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ। राज कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। उनके साथ डीएम सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। जहां बेड संख्या 20 पर भर्ती बेलीपार के संगम से उनका हाल पूछा। मरीज ने बताया कि डॉक्टर भी आते हैं और दवाएं भी मिलती हैं। उन्होंने बगल के डेंगू वार्ड का जायजा लिया। इसके बाद सीधे आर्थो वार्ड में पहुंच मरीजों से मिले। इस दौरान उन्होंने जिम्मेदारों को वार्डो में हर दो घंटे पर सफाई करवाने के निर्देश दिए। आर्थो वार्ड सहित अन्य वार्डो में टाइल्स लगाने का निर्देश दिया।

अन्य वार्डो का भी जाना हाल

इसके बाद डीएम ने इमरजेंसी ड्यूटी चार्ट पर दर्ज डॉक्टर व कर्मचारी के मौजूदगी की जानकारी ली। इमरजेंसी में मरीजों के भर्ती रजिस्टर व अटेंडेंस रजिस्टर भी देखा। होम्योपैथिक अस्पताल में पहुंचे डीएम को बताया गया कि अस्पताल की बिजली कई दिनों से गुल है। जिस पर उन्होंने जिम्मेदारों से तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल कराने का निर्देश दिया। यहां का भवन जर्जर हो चुका है जिस पर डीएम ने अस्पताल को दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीबी अस्पताल का भी निरीक्षण किया। महिला अस्पताल में डीएम ने इमरजेंसी, ओपीडी की व्यवस्था देखी। कहा कि सुनने में आता है कि एंबुलेंस के ड्राइवर मरीजों को लाने के लिए रुपए मांगते हैं, इस पर उन्हें बताया गया कि ऐसी कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने इस दौरान 102 व 108 नंबर की एंबुलेंस रजिस्टर के माध्यम से व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद वह लेबर रूम होते हुए पीएनसी वार्ड 6 व 7 पहुंचे। इन वार्डो में एसी लगवाने का निर्देश दिए। डीएम ने जिला अस्पताल के इंसेफेलाइटिस आईसीयू व वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आईसीयू व वार्ड में बेडों की संख्या को दो गुना करने का निर्देश दिया।

तत्काल दिए जाएं जन्म प्रमाण पत्र

जिला महिला अस्पताल के ओपीडी का निरीक्षण करते हुए डीएम जन्म प्रमाण पत्र कार्यालय में दाखिल हुए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले जन्म प्रमाण पत्र व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए जाएं। साथ ही महिलाओं को मिलने वाले लाभ भी दिए जाने का आदेश दिया। साथ ही उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले भोजन की भी जानकारी ली। तीमारदारों ने बताया कि भोजन मिलता है जिसकी गुणवत्ता बेहतर करने का निर्देश डीएम ने जिम्मेदारों को दिया।