- मथुरा में थे तैनात, ड्यूटी से लौटते समय गोली मारी

- कर्मचारियों में भी आाक्रेश, पांच घंटे ठप रही सप्लाई

आगरा। ताजनगरी निवासी विद्युत विभाग के जेई की मथुरा में अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने जाम लगाने का प्रयास किया। इधर, घटना को लेकर विद्युत विभाग के कर्मचारी भी आक्रोशित रहे। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कई क्षेत्रों में करीब पांच घंटे बिजली सप्लाई ठप रही।

ड्यूटी से लौट रहे थे

जेई प्रदीप कुमार थाना सदर के ग्वालियर हाईवे स्थित सेवला नैनाना के रहने वाले थे। प्रदीप ने वर्ष 2016- 17 में आगरा बिजली विभाग में टेक्नीशियन के पद पर ज्वॉइन किया था। वर्ष 2018 में प्रमोशन के बाद प्रदीप की तैनाती जनपद मथुरा के पानी गांव के विद्युत सबस्टेशन पर जेई के रूप में हुई। बताया गया है कि जेई अपनी ड्यूटी खत्म करके कमरे पर लौट रहे थे। तभी रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार प्रदीप कुमार को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

क्षेत्र को बनाया छावनी

शव आने से पहले सदर थाना क्षेत्र के चोर नगरिया सेवला इलाके को पुलिस ने छावनी बना दिया। बवाल की आशंका के चलते थाना सदर इंस्पेक्टर, थाना ताजगंज इंस्पेक्टर सहित सीओ सदर विकास जायसवाल फोर्स के तैनात रहे।

जाम लगाने की कोशिश

घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगाने का भी प्रयास किया। लेकिन, पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद लोग सड़क से हटे। परिवार के लोगों ने किसी भी रंजिश से इंकार किया है।

विद्युत सप्लाई रही बाधित

जेई की हत्या के विरोध में विद्युत विभाग के कर्मचारियों में खासी नाराजगी रही। जिसके चलते शुक्रवार को सुबह से ही विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। करीब पांच घंटे विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही।

जेई प्रदीप की मथुरा में अज्ञात लोगों द्वारा हत्या की गई है। इस संबंध में पुलिस अपना काम कर रही है। कुछ समय तक विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही। लेकिन, बाद में सुचारू कर दिया गया।

सौम्या अग्रवाल

एमडी

दक्षिणांचल