-अपराधियों ने प्रोफेसर की बेटियों का बांध दिया हाथ-पैर

-खौफ के साए में डेढ़ घंटे तक रहा प्रोफेसर का परिवार

PATNA(16Sept)

पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में प्रोफेसर के परिवार को बंधक बनाकर 10 लाख रुपए की डकैती हुई है। 10 की संख्या में बदमाश घर में घुसे थे। बदमाशों के हाथ में हथियार था। वहीं, उसी अपार्टमेंट में एक इंजीनियर के घर से लाखों रुपए की संपत्ति की चोरी किए जाने की वारदात सामने आई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एक ही थाना क्षेत्र में दो बड़ी आपराधिक घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के नंदलाल छपरा निवासी विनोद कुमार प्रोफेसर हैं। रविवार को विनोद अपने गांव चले गए थे। इनके फ्लैट में इनकी बेटियां थी। रात करीब 2 बजे 10 की संख्या में बदमाश आए और आते ही बेटियों को बंधक बना लिए। बेटियों को बांध दिए। इसके बाद उनसे कमरे की चाभी मांगी और एक-एक कर सारा सामान निकाल लिए। परिजनों के अनुसार करीब 10 लाख रुपए का जेवर और 1 लाख रुपए कैश बदमाश लेकर भाग गए।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे बदमाश

जिस फ्लैट में प्रोफेसर नंदलाल रहते हैं। उसी फ्लैट में कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट के इंजीनियर सुबोध कुमार नीचे के रहते हैं। डकैत पहले उनके कमरे में घुसे। डकैत दरवाजा तोड़कर उनके फ्लैट में घुस गए। वहां से सामान चुरा लिए। इसके बाद वो लोग दूसरे फ्लोर पर गए। वहां पर एक स्टूडेंट के कमरे में घुसे और वहां से भी सामान निकाल लिए। इसके बाद डकैत प्रोफेसर के फ्लैट में पहुंचे। वहां पर प्रोफेसर की बेटियों को बंधक बना दिए।

पहले मुंह दबाया फिर कहा, चाबी दो

रात में करीब 12 बजे खाना खाकर हम लोग सो गए। इसके बाद करीब 2 बजे नींद खुली तो देखा कि मेरा मुंह किसी ने दबाया हुआ है। मैं छटपटाने लगी। इसके बाद उसने मेरे मुंह से हाथ हटा दिया। इसके बाद मेरी आंख खुली तो मैंने देखा कि कमरे में करीब 10 लोग खड़े हैं। सभी के हाथों में हथियार थे। एक ने जोर से कहा कि जल्दी से कमरे की चाभी दो। मैं डर गई। उन्हें इशारा करके बता दिया। इसके बाद वो लोग कमरे में चले गए। इसी बीच एक बदमाश ने कहा कि अपना मोबाइल दो। मैंने डर के मारे उन्हे मोबाइल दे दिया। करीब डेढ़ घंटे तक वो लोग कमरे में सर्च करते रहे। इसके बाद वो लोग सामान लेकर भाग गए। आधे घंटे तक हमे कुछ समझ ही नहीं आया। एक घंटे बाद मैंने पापा को फोनकर इसकी सूचना दी।

(जैसा प्रोफेसर की बेटी ने बताया )

20-30 साल के थे डकैत

प्रोफेसर ने सुबह राम कृष्णा नगर थाने में फोनकर इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस हुलिये के आधार पर आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में ये पता चला कि डकैतों की उम्र 20 से 30 साल के करीब है। वो लोग लोकल भाषा बोल रहे थे। पुलिस उसी आधार पर मामले की तफ्तीश कर रही है।

4 महीने में दूसरी डकैती की घटना

रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में पिछले 4 महीने में डकैती की ये दूसरी घटना है। पिछली बार एलआईसी एजेंट के यहां पर जून 2019 में डकैती हुई थी। यह डकैती थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हुई थी। उस मामले में आरोपी पकड़े गए थे लेकिन उनसे पुलिस सामान बरामद नहीं कर सकी थी। पुलिस पुराने डकैती कांड में शामिल आरोपियों से पूछताछ कर रही है।