पाकिस्तान ने फिर से सैन्य ठिकानों के साथ रिहायशी क्षेत्रों को अपना निशाना बनाया। रविवार रात करीब ग्यारह बजे पाकिस्तान सैनिकों ने अचानक पुंछ के शाहपुर सेक्टर पर फिर से भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इस पर भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ है, लेकिन फिल्हाल दोनों तरफ से गोलीबारी का सिलसिला जारी है।

शनिवार को पाकिस्तान गोलीबारी से लोग संभले नहीं थे कि पुंछ कस्बे से करीब दस किलोमीटर दूर शाहपुर सेक्टर पर पाकिस्तानी सैनिकों ने फिर से मोर्टार दागने शुरू कर दिए। रिहायशी क्षेत्र होने के कारण कई जगहों पर मोर्टार से निशाना बनाया गया। भारतीय जवानों ने भी पाक सैनिकों के ठिकानों पर जमकर गोलाबारी की। अंधेरा होने और गोलाबारी जारी रहने के कारण नुकसान का पता नहीं चल पाया।

शनिवार को ईद पर सीमा पार से दिनभर हुई पाक गोलीबारी में शाहपुर के पांच लोग घायल हो गए थे जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुंछ कस्बा पास होने के कारण वहां गोलाबारी की आवाज साफ सुनाई देने से दहशत है। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान गोलीबारी का मकसद आतंकियों की घुसपैठ करवाना था। रात पौने बजे तक लगातार गोलीबारी जारी थी। सीमा पर चौकसी को बढ़ा दिया है।

Hindi News from World News Desk

 

International News inextlive from World News Desk