पं राजीव शर्मा (ज्योतिषाचार्य)। हरतालिका तीज का व्रत 30 अगस्त 2022,मंगलवार को मनाया जा रहा है। स्त्रियां यह व्रत पति की दीर्घायु के लिए रखती हैं। इस बार हस्त नक्षत्र के शुभ योग में हरतालिका तीज का व्रत रखें। हस्त नक्षत्र" में "हरतालिका तीज" व्रत पड़ने से व्रती को द्विगुणित शुभ फल मिलेगा।

इस वर्ष व्रत का अलग महत्व
यह व्रत भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया को रखा जाता है, यदि तृतीया के दिन "हस्त नक्षत्र" हो तो इसका महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है।इस दिन भगवान शिव और पार्वती(गौरी-शंकर)का विशेष पूजन किया जाता है।इस व्रत को कुमारी तथा सौभाग्यवती स्त्रियाँ ही करती हैं। लेकिन शास्त्रों में इसके लिए सधवा-विधवा सबको आज्ञा है। इस बार यह व्रत *दिनाँक 30 अगस्त 2022,मंगलवार को हस्त नक्षत्र एवं शुभ योग पूरे दिन रहेगा,विशेष बात यह कि इस दिन शुक्ल पक्ष,कन्या राशि का चंद्र भी होगा जिसका महत्व और भी बढ़ जाता है।इस बार इन दोनों शुभ योगों में व्रत,पूजा एवं दान का अति शुभ फल प्राप्त होकर पति दीर्घायु को प्राप्त करेगा।