PATNA: शारदीय नवरात्र की सप्तमी यानी शनिवार को पूजा पंडालों व देवी मंदिरों में मां दुर्गा का पट खुला। पट खुलते ही भक्तों की आस्था चरम पर पहुंच गई। साक्षात मां के दर्शन करने को उतावले हर उम्र के भक्त पंडाल तक पहुंचने लगे। रंगीन बल्बों व पंडालों की विशेष सजावट से पूरा माहौल श्रद्धा और उत्साह के अछ्वुत रंग में सराबोर हो गया। पंडाल को अंतिम रूप देने के लिए विभिन्न पूजा समितियों के कार्यकर्ता रातभर काम करते दिखे। सुबह पूजा अर्चना के साथ ही देवी के दर्शन के लिए लोग सड़कों पर निकल पड़े। पट खुलते ही सड़कों पर श्रद्धालुओं का जन-सैलाब दिखने लगा। मारूफगंज, दलहट्टा, नंदगोला, कचौड़ी गली, श्री गुरु गो¨वद सिंह पथ, मच्छरहट्टा, खाजेकलां, गुरहट्टा, महाराजगंज, त्रिपोलिया मोड़, चैली टांड़ मनोरंजन क्लब व मुसल्लहहपुर में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी, छोटी पटनदेवी व शीतला माता मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही।

28 पूजा पंडालों में डॉक्टरों की टीमें इलाज के लिए रहेंगी तैनात

दुर्गा मेला में लगने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार दुर्गा पूजा पंडालों में डॉक्टरों की भी तैनाती की गई है। ये डॉक्टर पंडाल में पहुंचने वाले पेशेंट्स का इलाज करेंगे। दरअसल कई बार ये होता है कि पंडाल में लोग बीमार पड़ जाते हैं। कई लोग गश्त खाकर गिर जाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देख-रेख के लिए पटना के 28 दुर्गा पूजा पंडालों में डॉक्टरों की टीमें तैनात रहेंगी।

4 सेक्टर में बांटा गांधी मैदान

सुरक्षा के हिसाब से गांधी मैदान को चार सेक्टर में बांटा गया है। सभी सेक्टर के प्रभारी पदाधिकारी अपर समाहर्ता स्तर के पदाधिकारी बनाए गए हैं। हर सेक्टर के अंतर्गत वरीय

प्रभारी पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल प्रतिनियुक्तकिए

गए हैं।

गेट पर सीसीटीवी कैमरे

गांधी मैदान के गेट नंबर एक से 10 तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही रोटेड कैमरे भी होंगे। जिससे हर स्थित रिकॉर्ड किया जा सके। डीएम कुमार रवि ने प्रबंध निदेशक बुडको और कार्यपालक अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि रावण वध के दिन इस तरह लाइट की व्यवस्था हो की शाम और रात में भी कहीं अंधेरा नहीं रहे।

मुख्यमंत्री ने राजधानी के दो पंडालों में पूजा अर्चना की

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राजधानी के कई दुर्गा पंडाल में पूजा अर्चना की और सूबे की शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री शेखपुरा दुर्गा पूजा समिति के खाजपुरा स्थित पंडाल और डाकबंगला चौक स्थित पूजा पंडाल गए और मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन किया। समस्त बिहार के लोगों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विधान पार्षद रणवीर नंदन, दीघा विधायक संजीव चौरसिया समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।