2010 में शुरु हुआ था रन बनाने का सिलसिला

आईपीएल के 9वें सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बुधवार को एक बार फिर रोहित शर्मा का बल्ला चला और उन्होंने 54 गेंद पर 84 रन ठोक डाले।इस पारी से मुंबई इंडियंस ने जीत की नींव रखी और 188 रनों का लक्ष्य हासिल करके टूर्नामेंट के इस सीजन में पहली जीत भी दर्ज की। रोहित की ईडन गार्डन्स पर रन बनाने का सिलसिला तो 2010 में ही शुरू हो गया था और तब से ही इस मैदान पर उनका बल्ला कभी थमा नहीं है। रोहित के बल्ले से इस मैदान पर क्रिकेट के अलग-अलग प्लेटफॉर्म में दो डबल सेंचुरी दो सेंचुरी और तीन पचासा निकल चुके हैं।

रणजी ट्रॉफी में चला रोहित का बल्ला

2010-11 सीजन में मुंबई की ओर से खेलते हुए रणजी ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ रोहित ने इस मैदान पर डबल सेंचुरी जड़ी थी। नवंबर 2010 में रोहित ने मुंबई को जल्द दो विकेट गंवाने के बाद संभाला था। उन्होंने इस पारी में 23 चौके और तीन छक्के जड़े और मुंबई को 8 विकेट पर 621 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया था।

IPL 2012 में केकेआर के खिलाफ 109

आईपीएल 2012 में केकेआर विजय रथ पर सवार थी और लगातार सात मैच जीत चुकी थी। होम ग्राउंड ईडन गार्डन्स पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच था। आईपीएल में रोहित के बल्ले से निकली यह पहली सेंचुरी थी। उन्होंने 109 रनों की नॉटआउट तूफानी पारी खेली और केकेआर की जीत का सिलसिला तोड़ने में अहम भूमिका भी निभाई।

टेस्ट में भी बेस्ट हिटमैन की 177 रनों की पारी

2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित शर्मा को उनके फेवरेट ग्राउंड पर टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला और उन्होंने इसे यादगार बना डाला। रोहित ने वेस्टइंडीज के बॉलिंग अटैक की धज्जियां उड़ाते हुए 177 रनों की जोरदार पारी खेली थी। टेस्ट क्रिकेट में इस मैदान पर अभी तक उन्होंने एक ही पारी खेली और उसमें ही कमाल कर दिया था। टीम इंडिया 83 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में थी उसे इस मुश्किल से हिटमैन रोहित ने ही निकाला था।

श्रीलंका के खिलाफ 264 रन वनडे में

नवंबर 2014 में श्रीलंका के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज में रोहित शर्मा ने इंजरी के बाद टीम में वापसी की थी। ईडन गार्डन्स पर श्रीलंकाई गेंदबाजों की रोहित ने बेहरमी से पिटाई की। उन्होंने 173 गेंद पर 264 रन ठोक डाले थे। पारी की शुरुआत करने वाले रोहित पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए थे। यह वनडे में उनकी दूसरी डबल सेंचुरी थी। रोहित ने इस पारी में 33 चौके और 9 छक्के जड़े थे। इस पारी की खास बात थी कि रोहित को उस समय जीवनदान मिला था जब वो 4 रन पर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने 100 रन 100 गेंद पर पूरे किए लेकिन उसके बाद उन्होंने बाकी के 64 रन 73 गेंद पर ठोक डाले थे।

आईपीएल के 8वें सीजन में केकेआर के खिलाफ

आईपीएल के 8वें सीजन में केकेआर को एकबार फिर हिटमैन रोहित का शिकार बनना पड़ा। रोहित ने नॉटआउट 98 रनों की पारी खेली। हालांकि इसके बावजूद मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा था। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के जड़े थे।

आईपीएल 2015 के फाइनल में रोहित शर्मा

आईपीएल के 8वें सीजन का फाइनल मैच ईडन गार्डन्स पर खेला गया था। मुंबई इंडियंस के सामने चेन्नई सुपरकिंग्स की चुनौती थी। मुंबई ने चेन्नई के सामने जीत के लिए 203 रनों का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य की नींव रोहित ने ही रखी थी। उन्होंने 26 गेंद पर 50 रन ठोक डाले थे। चेन्नई 20 ओवर में 161 रन ही बना सका था और मुंबई आईपीएल चैंपियन बन गया था।

आईपीएल में केकेआर के खिलाफ

आईपीएल के 9वें सीजन में रोहित की टीम ने आगाज हार से किया। होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस को राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। दूसरा मैच बुधवार को केकेआर के खिलाफ ईडन गार्डन्स पर था। रोहित ने 188 रनों के मुश्किल लक्ष्य के सामने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और अंत तक टिके रहे। रोहित ने 54 गेंद पर 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से 84 रनों की नॉटआउट पारी खेली

Cricket News inextlive from Cricket News Desk