कानपुर। Indian Economic Survey 2020 Date and Time केंद्र सरकार शुक्रवार को भारत का इकोनाॅमिक सर्वे पेश करेगी। यह सर्वेक्षण बजट से एक दिन पहले बजट सत्र के दौरान संसद में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस सर्वे को संसद में सामने रखेंगी। बता दें हर साल बजट से पहले भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार एक सर्वे जारी करती है। जिसमें देश के मौजूदा आर्थिक हालातों का जिक्र होता है। यह बजट से पहले काफी जरूरी होता है।

आर्थिक समीक्षा से परिचय

आर्थिक समीक्षा में भारतीय इकोनॉमी की सेहत, स्थिति और भविष्य में जरूरी एक्शन का विवरण होता है। इसमें अर्थव्यवस्था के वृहद परिदृश्य, राजकोष, मुद्रा प्रबंधन, कीमत, महंगाई दर और अन्य चीजें होती हैं। आर्थिक समीक्षा भारतीय इकोनॉमी के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट होता है। आम तौर पर सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार की अगुवाई वाली समिति आर्थिक समीक्षा तैयार करती है। इस दस्तावेज में देश के आर्थिक हालात का उल्लेख होता है।

तीन खंड में होगी आर्थिक समीक्षा

देश की इकोनॉमी के लिहाज से महत्वपूर्ण दस्तावेज तीन खंड में होता है। इसमें वॉल्यूम-1, वॉल्यूम-2 और स्टैटिस्टिकल अपेन्डिक्स होता है।

31 जनवरी से शुरू हो रहा संसद का बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू हो रहा है। इस साल बजट सत्र का आयोजन दो चरण में किया जाएगा। पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेगा। दूसरा सत्र दो मार्च से तीन अप्रैल तक चलेगा।