गेल ने जड़ा गगनचुंबी छक्का
कानपुर। मौजूदा आईपीएल में क्रिस गेल का बल्ला जमकर बोल रहा है। मुंबई के खिलाफ खेले गए मैच में भी गेल ने अर्धशतक जमाया। हालांकि पंजाब की टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इंदौर में खेले गए इस मैच में गेल ने दर्शकों का मनोरंजन तो करवाया ही। गेल ने अर्धशतक जमाने के दौरान एक ऐसा छक्का लगाया कि अंपायरों को दूसरी गेंद मंगवानी पड़ गई।
गेल ने मारा इतना लंबा छक्‍का कि आसमान में खो गई गेंद,मंगवानी पड़ी नई बॉल
(छक्का लगाते क्रिस गेल, फोटो : एपी)
गेल की वजह से बदली गेंद   

मुंबई के तेज़ गेंदबाद मिचेल मैक्लेनाघन की गेंद पर गेल ने ऐसा छक्का जड़ा की मुंबई के सभी खिलाड़ी देखते रह गए। गेल ने दमदार छक्का पंजाब की पारी के छठे ओवर की पहली गेंद (5.1) पर लगाया। गेल के बल्ले से निकले इस शॉट को देखकर उनके फैंस झूम उठे। गेल का ये शॉट इतना ताकतवर था कि गेंद सीधे स्टेडियम की छत को पार करते हुए बाहर निकल गई। गेंद के स्टेडियम के बाहर जाने की वजह से अंपायरों को नई गेंद मंगवानी पड़ी।

गेल ने ऐसे ठोका अर्धशतक

गेल ने इस मैच में अर्धशतक तो जमाया लेकिन उनकी ये पारी वैसी नहीं थी जिस अंदाज़ के लिए गेल जाने जाते हैं। उन्होंने मुंबई के खिलाफ मैच में पारी की शुरुआत बेहद संयमित ढंग से की थी और 5 ओवरों की समाप्ति के बाद 15 गेंदों में 16 रन बनाकर क्रीज पर थे। मैक्लेनेघन छोर बदलकर पैवेलियन एंड से गेंदबाजी करने आए और इस शॉर्ट गेंद पर गेल ने स्क्वेयर लेग बाउंड्री के ऊपर से ऐसा छक्का लगाया कि गेंद सीधे स्टेडियम की छत पर टप्पा खाई। होलकर स्टेडियम का मैदान अपेक्षाकृत छोटा है और इस मैदान पर कई बार गेंद बाहर निकल जाती है। गेल ने किंग्स इलेवन और मुंबई इंडियंस के मैच में पहली बार गेंद को स्टेडियम के बाहर भेजा। इस सीजन में गेल का बल्ला जमकर बोल रहा है। इस सीजन का पहला शतक भी गल्ले के बल्ले से ही निकला है। वो किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अब तक वो 300 से ज्यादा रन बना चुके हैं। केएल राहुल के साथ किंग्स इलेवन पंजाब को ठोस शुरुआत दिला रहे हैं। इस मैच में भी दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए पचास से ज्यादा रन जोड़े।

844 छक्कों के साथ क्रिस गेल सबसे ऊपर
टी-20 क्रिकेट की बात हो, तो यहां सिर्फ एक खिलाड़ी की बादशाहत चलती है वो हैं सिक्सर किंग क्रिस गेल। गेल कितनी आसानी से गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुंचा देते हैं यह बात सभी जानते हैं। आईपीएल इतिहास में क्रिस गेल सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अभी तक 104 आईपीएल मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 286 छक्के दर्ज हैं। वहीं ओवरऑल टी-20 मैचों की बात करें तो गेल के नाम 844 छक्के दर्ज हैं। सबसे हैरानी वाली बात ये है कि गेल के आसपास भी कोई नहीं पहुंच सका है। दूसरे नंबर पर कीरोन पोलॉर्ड का नाम आता है जिन्होंने भी सिर्फ 525 छक्के ही लगाए हैं।

 

Cricket News inextlive from Cricket News Desk