कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। आईपीएल 2021 की नीलामी प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हुई। इस बार ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी क्रिस माॅरिस रहे जिन्हें राजस्थान राॅयल्स ने 16.25 करोड़ रुपये देकर खरीदा। हालांकि अन्य फ्रेंचाइजी ने भी महंगे खिलाड़ियों पर बोली लगाई। मगर आईपीएल नीलामी में सबसे ज्यादा महंगे खिलाड़ी खरीदने वाली टीम राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर बन गई है।

आरसीबी ने खरीदे हैं तीन महंगे खिलाड़ी
राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 2021 आईपीएल नीलामी में दो खिलाड़ी 14 करोड़ से ज्यादा रकम में खरीदे। इसमें काइल जैमीसन और ग्लेन मैक्सवेल शामिल हैं। जैमीसन को आरसीबी ने 15 करोड़ रुपये में खरीदा वहीं मैक्सवेल की 14.25 करोड़ रुपये की बोली लगी। इसी के साथ आईपीएल इतिहास में 14 करोड़ से ज्यादा पैसे देकर आरसीबी के पास खिलाड़ियों को खरीदने की संख्या तीन हो गई। 2014 में बैंगलोर ने युवराज सिंह को 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। आरसीबी के अलावा महंगे खिलाड़ी खरीदने वाली फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (क्रिस मॉरिस, 2021), दिल्ली कैपिटल (युवराज, 2015) कोलकाता नाइट राइडर्स (पैट कमिंस, 2020), राइजिंग पुणे सुपरजायंट (स्टोक्स, 2017), और पंजाब किंग्स (रिचर्डसन, 2021) शामिल हैं।

काइल जैमीसन ने न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड तोड़ दिया
काइल जैमीसन आईपीएल में सबसे महंगे कीवी क्रिकेटर बन गए हैं। जैमीसन ने 2017 में ट्रेंट बोल्ट का 5 करोड़ रुपये का रिकाॅर्ड तोड़ा। उस वक्त बोल्ट को कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा था। मगर अब जैमीसन को करीब तीन गुना ज्यादा बोली लगाकर आरसीबी ने अपने खेमे में शामिल किया। इसी के साथ जैतीसन IPL इतिहास में न्यूजीलैंड के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk