-बिरसानगर की महिला ने एसएसपी से मिलकर बताई पूरी बात

-दूसरे पक्ष के लोग भी एसएसपी से मिलने पहुंचे

-पुलिस ने कहा, चैन छिनतई के मामले की जांच के लिए पुलिस पहुंची थी महिला के घर

JAMSHEDPUR: बिरसानगर थाना एरिया की एक महिला ने गैंग रेप का आरोप लगाया है। महिला ने यह आरोप एक लोकल लीडर और पुलिस पर लगाया है। सैटरडे को इस मामले को लेकर महिला अपने कुछ समर्थकों के साथ सिटी एसपी से मिलने पहुंची। बाद में सिटी एसपी महिला को साथ लेकर एसएसपी से मिलने पहुंचे। वहां उसे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। इस दौरान एसएसपी ऑफिस में गहमा-गहमी रही।

और की बदसलूकी

जानकारी के मुताबिक बिरसानगर जोन नंबर 7 निवासी महिला रीमा (बदला हुआ नाम) ने आरोप लगाया है कि बिरसानगर थाना के पुलिसकर्मी उसके भाई महेश की तलाश में उसके घर पहुंचे। जब महिला ने बताया कि उसका भाई घर से बाहर है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की। महिला ने कहा कि इसके बाद पुलिस वालों ने उससे अंकित का घर पूछा, जब उसने इंकार किया तो सभी उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जीप में बैठाकर साथ ले गए। सभी उसे गोलमुरी स्थित गीतांजलि फ्लैट के पास ले गए। महिला ने आरोप लगाया कि वहां लोकल लीडर कृष्णा बारीक और बिरसानगर थाना के एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ रेप किया।

वहीं की रहने वाली पूनम कौर ने भी पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप लगाया। उसका कहना था कि बिरसानगर पुलिस उसके बेटे अंकित सिंह की तलाश में पहुंची थी। जब उसने पूछा कि उसके बेटे ने क्या गुनाह किया है, तो उसके साथ बदसलूकी की गई। महिला के बेटे पर चेन छिनतई का पुराना आरोप है। इस मामले में टेल्को थाना में कंप्लेन दर्ज की गई थी और पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई भी की थी।

महिला के आरोप को बताया गलत

उधर, मामले में दूसरे पक्ष के लोग भी एसएसपी से मिलने पहुंचे। उनका कहना था कि महिला रेप का गलत आरोप लगा रही है। पुलिस को जांच-पड़ताल कर ही कोई कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाली महिला का भाई महेश वहीं किराए पर रहता था। उसके घर लड़के आते थे और शराब पीकर गाली-गलौज व हंगामा करते थे। इसे लेकर आरोपी के साथ बकझक भी हुई थी। इस बात का बदला लेने के लिए महिला झूठी कहानी गढ़ रही है।

जांच के लिए गइर् थी पुलिस

इस मामले में पुलिस का कहना है कि दो दिन पहले बिरसानगर जोन नंबर एक में झंडा चौक के पास चेन छिनतई हुई थी। इस मामले में पुराने स्नैचर्स को भी खंगाला जा रहा रहा है। इस लिए पुलिस दोनों युवकों के बारे में पूछताछ के लिए वहां गई थी। महिला जो भी आरोप लगा रही है सब गलत है। उन्होंने कहा कि महिला को जीप में बैठाकर ले जाने की बात गलत है। इसके अलावा कृष्णा बारीक के वहां होने की बात भी गलत है।

मामले की कंप्लेन मिली है। इसकी जांच करने का आदेश दिया गया है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-अमोल वी होमकर, एसएसपी, ईस्ट सिंहभूम