जमशेदपुर (ब्यूरो): नए साल का पहला दिन आदित्यपुर 2 बाबा आश्रम कॉलोनी में पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहने वाले परिवारों पर कहर बनकर टूटा। नए साल की सुबह ही सडक़ दुर्घटना में 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बिष्टुपुर गोलचक्कर के पास हादसा

यह दुर्घटना बिष्टुपुर थानांतर्गत साईं मंदिर गोलचक्कर के पास हुई। मृतकों में प्रेमरंजन झा के पुत्र शुभम कुमार, चंदन यादव के पुत्र अनिरुद्ध कुमार यादव, श्रवण महतो के पुत्र अनिकेत कुमार महतो, मदन सिंह के पुत्र हेमंत कुमार सिंह तथा अमित सिंह के पुत्र पीयूष उर्फ टुकटुक का नाम शामिल है।

आठ युवक थे सवार

जानकारी के अनुसार, सूरज की टाटा इंडिगो कार पर सवार होकर कुल 8 युवक मेरिन ड्राइव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साईं मंदिर गोलचक्कर के पास कार अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। दुघर्टना में कार सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक ने उपचार के क्रम में एमजीएम अस्पताल में अंतिम सांस ली। वहीं, दुघर्टना में जख्मी हर्ष कुमार झा तथा रवि झा नामक दो युवकों को बेहतर उपचार हेतु टाटा मुख्य अस्पताल तथा स्टील सिटी अस्पताल रेफर किया गया है।

पिकनिक मनाने की तैयारी

बताया जाता है कि सभी दोस्त 31 दिसंबर को पिकनिक मनाने की तैयारी में एस रोड में एकत्रित हुए थे। सभी ने एक साथ मिलकर लिट्टी-चोखा बनाने के बाद पार्टी की थी। जश्न के साथ पुराने वर्ष को विदा करने के बाद आज तडक़े कार पर सवार होकर पिकनिक मनाने के लिए निकले थे। इस क्रम में यह घटना हो गई।

पहुंचे पूर्व नप उपाध्यक्ष पुरेंद्र

इस दर्दनाक सडक़ दुघर्टना की खबर जब बाबा आश्रम कॉलोनी पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। दर्दनाक सडक़ हादसे की सूचना मिलते ही आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह बाबा आश्रम कॉलोनी पहुंचे तथा स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

राज्य सरकार दे मुआवजा

6 युवकों की सडक़ दुर्घटना में मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि यह अत्यंत मार्मिक और हृदय विदारक घटना है। इससे पूरे आदित्यपुर में शोक की लहर व्याप्त है। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर ने एक साथ अपने 6 नौजवान बेटों को खोया है। इस हृदय विदारक घटना के उपरांत पुरेंद्र नारायण सिंह बाबा आश्रम जाकर सभी शोक संतप्त परिवारों से मिले। अंतिम यात्रा में हजारों हजार की संख्या में बाबा आश्रम और आदित्यपुर के लोग शामिल हुए। उन्होंने झारखंड सरकार से मृतक के आश्रितों को नौकरी एवं 20 लाख रुपए मुआवजा दिए जाने की मांग की है।