-मुख्यमंत्री ने सीतारामडेरा व रामधीन पार्क का किया उद्घाटन, बोले

-राज्य सरकार के हरियाली अभियान के बारे में लोगों को दी जानकारी

-कहा आम जनता भी पर्यावरण को साफ-सुथरा बनाने में करें मदद

-लोगों से बड़े पैमाने पर पौधरोपण करने की अपील की

JAMSHEDPUR: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को कहा कि वह टाटा का मजदूर रहे हैं, अब राज्य की मजदूरी करने का मौका मिला है। वे सूबे की ऐसी मजदूरी करना चहते हैं, जिससे जमशेदपुर की जनता का सीना चौड़ा हो जाए और उन्हें अपने क्षेत्र के विधायक पर गर्व महसूस हो। रघुवर दास सीतारामडेरा में पार्क का उद्घाटन कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने रामाधीन भगवान पार्क व गायत्री पार्क का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के हरियाली अभियान के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे वक्त की जरूरत हैं। पौधे नहीं लगाने से हम पर्यावरण का संरक्षण नहीं कर सकते। इसलिए सरकार ने हरियाली अभियान छेड़ रखा है, ताकि प्रदेश को हरा भरा एवं यहां के पर्यावरण को शुद्ध रखा जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण ना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी है बल्कि आम जनता को भी इसमें भागीदारी निभानी होगी।

बेकार जमीन पर पौधरोपण

उन्होंने सरकार की ओर से बेकार पड़ी सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण से बेकार पड़ी सरकारी जमीन को भी संरक्षित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने पार्क के उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों को अलग-अलग पौधों के फायदों के बारे में बताया। रघुवर ने कहा कि नीम के पेड़ बेहद फायदेमंद होते हैं। इसलिए नीम के पौधे को हर घर में लगाना चाहिए। उन्होंने वृक्षों को अध्यात्म से जुड़ा हुआ भी बताया। सीएम ने बरगद के वृक्ष को पूजनीय होने का उल्लेख करते हुए भारतीय अध्यात्म से जुड़े वृक्षों के महत्व को लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि हर घर में जन्मदिन या शादी की सालगिरह के मौके पर पौधारोपण होना चाहिए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि जमशेदपुर क्षेत्र उनकी कर्मभूमि रही है और जन्मभूमि भी। इसलिए इस जगह की अहमियत उनके लिए हमेशा से सर्वोपरि रही है अब क्योंकि उन्हें राज्य की मजदूरी करने के लिए रांची में ज्यादा समय देना पड़ता है, इसलिए वे यहां कम समय दे पाते हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने की अपील की। कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, उपायुक्त अमित कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप टी मैथ्यू, जुस्को के प्रबंध निदेशक आशीष माथुर आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।