-अवैध बैनर व होर्डिग्स ध्वस्त किया, अतिक्रमण की जद में आए दुकानदारों से वसूले फाइन

-आई नेक्स्ट ने छह अक्टूबर को साकची में आतिक्रमण की खबर छापी थी

JAMSHEDPUR : साकची इलाके में प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक आने वाले फेस्टिवल्स को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रशासन ने अवैध बैनर व होर्डिग्स ध्वस्त किया। साथ ही अतिक्रमण की जद में आए दुकानदारों से फाइन भी वसूला गया। आई नेक्स्ट ने छह अक्टूबर को साकची में अतिक्रमण की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।

कहां-कहां चला अभियान

सुबह करीब क्क् बजे से एसडीओ के नेतृत्व में इस अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुवात साकची स्थित बंगाल क्लब के पास से हुई। इसके बाद रिलायंस फ्रेश होते हुए स्टेट माइल रोड की ओर बढ़ा। इस दौरान कोलकाता बाजार, वीटू, समेत कई मॉल व दुकानों के बाहर लगे अवैध होर्डिेग्स को प्रशासन ने उखाड़ फेंका। इसके बाद साकची गोलचक्कर से भी कई दुकानें हटाई गईं। स्टेट माइल रोड के आस-पास स्थित कई दुकानों से अतिक्रमण हटाया गया। टैंक रोड से भी बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने के साथ ही साथ आस-पास लगे कई अवैध होर्डिग्स व बैनर को भी हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं लगाने की चेतावनी भी दी गई।

दुकानदारों से हुई बकझक

प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के दौरान साकची के दुकानदारों ने भी अभियान रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दुकानदारों और प्रशासन के अधिकारियों के बीच बकझक भी हुई, लेकिन जल्दी ही सबकुछ सामान्य हो गया।

अभियान में थे शामिल

अतिक्रमण हटाओ अभियान एसडीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर ट्रैफिक डीएसपी विवेकानंद ठाकुर के साथ जेएनएसी के अधिकारी भी शामिल थे। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस के जवानों को भी तैनात किया गया था। अभियान में जेएनएसी के एक बुलडोजर को लगाया गया था।

फेस्टिवल को देखते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। शहर को साफ-सुथरा किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

-आलोक कुमार, एसडीओ, धालभूमगढ़